Thursday, 26 November 2026
एजुकेशन
Jalandhar News: इनोसेंट हार्ट्स के पांचों कैंपसों में मनाया गया संविधान दिवस, मॉक पार्लियामेंट सहित कई गतिविधियों में विद्यार्थियों ने लिया भाग
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: इनोसेंट हार्ट्स स्कूल के पांचों कैंपसों में संविधान दिवस उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। सीबीएसई द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ग्रीन मॉडल टाउन, लोहारां, कैंट-जंडियाला रोड, नूरपुर रोड और कपूरथला रोड स्थित स्कूल परिसरों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मॉक पार्लियामेंट यानी संसद का प्रतिरूप रहा। इसमें विद्यार्थियों ने भारत के विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हुए पारंपरिक वेशभूषा धारण की और संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को प्रस्तुत किया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की खूबसूरत झलक पेश की। उन्होंने संसदीय कार्यवाही में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति अपनी समझ का प्रदर्शन किया।

बुकमार्क निर्माण गतिविधि आयोजित
इसके अलावा, विद्यार्थियों के लिए बुकमार्क निर्माण गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। भारतीय संविधान से संबंधित विद्यार्थियों के ज्ञान को परखने के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी करवाई गई, जिसमें बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
संविधान दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी कक्षाओं में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। वहीं, प्रातःकालीन सभा में सामूहिक रूप से संविधान के मूल सिद्धांतों न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व को बनाए रखने की शपथ ली।

अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान करना
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान करना था। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों को समझने और लोकतांत्रिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा मिली।
स्कूल में आयोजित इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की महत्ता समझने के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विविधता और 'विविधता में एकता' की भावना से भी परिचित करवाया।