Thursday, 20 August 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर में नशीले कैप्सूल खरीदने का नया तरीका, पेट्रोल पंप स्कैनर से ऑनलाइन पेमेंट
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर की 120 फुटी रोड से नशीले कैप्सूल और अन्य पदार्थों की कथित बिक्री का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इलाके में नशे के कारोबार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में कुछ युवक कथित तौर पर नशीले कैप्सूल खरीदते और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए भुगतान करते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, वीडियो में प्रेगाबालिन कैप्सूल समेत अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री का आरोप लगाया जा रहा है। दावा है कि नशा खरीदने वाले युवक पास स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP) पंप के स्कैनर के जरिए ऑनलाइन भुगतान करते हैं। इसके बाद कथित तौर पर 20 से 25 रुपये कमीशन काटकर उन्हें नकद राशि दी जाती है।
पुलिस चौकी के पास नशे के कारोबार का आरोप
मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह बताई जा रही है कि जिस इलाके में कथित तौर पर नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है, वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी और नशा छुड़ाव केंद्र मौजूद हैं। इसके बावजूद नशे की बिक्री के आरोपों ने पुलिस की निगरानी और गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में नशे से जुड़े लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। नशा छुड़ाव केंद्र के बाहर नशीली गोलियां और खाली सिरिंजें पड़े होने का भी दावा किया जा रहा है।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का आरोप है कि नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई के दावे किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद शहर के कुछ इलाकों में नशीले पदार्थों की कथित बिक्री पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोग कौन हैं और वास्तव में वहां नशीले कैप्सूल की बिक्री हो रही थी या नहीं।
मामले ने जालंधर में नशे की बिक्री, ऑनलाइन भुगतान और पुलिस निगरानी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।