ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 12 November 2026

Jalandhar News: जालंधर में 80 पेटी अवैध शराब बरामदगी मामले में ठेकेदार के खिलाफ हो सकती है कार्रवाई

Jalandhar News: जालंधर में 80 पेटी अवैध शराब बरामदगी मामले में ठेकेदार के खिलाफ हो सकती है कार्रवाई

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर में 80 पेटी अवैध शराब बरामद होने के मामले में आबकारी विभाग ने अपनी कानूनी राय पुलिस को सौंप दी है। विभाग की जांच में शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम और बैच नंबर मिटाने तथा बिना परमिट एक ठेके से दूसरे ठेके तक शराब ले जाने का मामला सामने आया है।

आबकारी विभाग ने इसे नियमों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए संबंधित लाइसेंस धारक के खिलाफ पंजाब आबकारी एक्ट 1914 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करने की सलाह दी है।

यह मामला जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के स्पेशल सेल की ओर से पकड़ी गई 80 पेटी शराब से जुड़ा है। सहायक आबकारी कमिश्नर (जालंधर रेंज-1) के कार्यालय ने स्पेशल सेल के इंचार्ज की ओर से मांगी गई कानूनी राय के जवाब में अपनी रिपोर्ट जारी की है।

पिकअप में ले जाई जा रही थीं 80 पेटी शराब

मामले के अनुसार, पुलिस ने बलराम पुत्र पलविंदर कुमार निवासी गांव नीले वाड़े रत्तेवाल को काबू किया था। आरोपी सफेद रंग की टाटा मैक्स पिकअप गाड़ी नंबर PB-07-CG-2081 में 'पंजाब किंग' मार्का शराब की 80 पेटियां लेकर जा रहा था।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

स्पेशल सेल की टीम ने गाड़ी और शराब को कब्जे में लेकर जांच की तो पेटियों और बोतलों पर लगे होलोग्राम तथा बैच नंबर मिटाए हुए पाए गए। इससे शराब की खेप संदिग्ध हो गई।

सुच्ची पिंड-2 से सुच्ची पिंड-3 ठेके पर ले जाई जा रही थी शराब

जांच में सामने आया कि शराब की यह खेप सुच्ची पिंड-2 के ठेके (लम्मा पिंड ग्रुप) से लोड की गई थी। इसे सुच्ची पिंड-3 के ठेके पर पहुंचाया जा रहा था।

आबकारी विभाग ने अपनी कानूनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि पंजाब आबकारी एक्ट 1914 और संबंधित नियमों के तहत कोई भी लाइसेंस धारक बिना परमिट या पास के एक ठेके से दूसरे ठेके पर शराब की थोक सप्लाई नहीं कर सकता।

होलोग्राम और बैच नंबर मिटाना नियमों का उल्लंघन

आबकारी विभाग के मुताबिक, शराब की बोतलों के लेबल, कैप्सूल, होलोग्राम या बैच नंबर के साथ छेड़छाड़ करना पंजाब लिकर लाइसेंस रूल्स 1956 के नियम 37(23) का सीधा उल्लंघन है।

इसके अलावा, इस तरह से शराब की थोक सप्लाई करना पंजाब इंटॉक्सिकेंट लाइसेंस एंड सेल्स ऑर्डर 1956 के ऑर्डर-1 के भी खिलाफ है। इस आदेश में खुदरा बिक्री की सीमा निर्धारित की गई है।

लाइसेंस धारक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की सिफारिश

सभी उल्लंघनों को ध्यान में रखते हुए आबकारी विभाग ने पुलिस को संबंधित लाइसेंस धारक के खिलाफ पंजाब आबकारी एक्ट 1914 के तहत बनती कानूनी कार्रवाई करने की सलाह दी है।

अब इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई अहम होगी। आबकारी विभाग की कानूनी राय के बाद मामले में संबंधित लाइसेंस धारक की जिम्मेदारी और नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है।