Saturday, 08 August 2026
पंजाब
Jalandhar News: सिविल अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट बंद, सरकार ने खतरे में डाली मरीजों की जिंदगी: रविश राज
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: कांग्रेस नेता और पंजाब ब्राह्मण बोर्ड के पूर्व डायरेक्टर रविश राज शर्मा ने जालंधर सिविल अस्पताल में दो PSA ऑक्सीजन प्लांट बंद होने को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार पंजाब में ‘सेहत क्रांति’ के बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि दूसरी तरफ प्रदेश के प्रमुख सरकारी अस्पताल में गंभीर मरीजों की ऑक्सीजन व्यवस्था ही सवालों के घेरे में है। रविश राज ने कहा कि जालंधर सिविल अस्पताल के दो PSA ऑक्सीजन प्लांट बंद पड़े हैं, जबकि गंभीर मरीजों की ऑक्सीजन जरूरतें फिलहाल एकमात्र चालू लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट पर निर्भर हैं।
अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट लंबे समय से बंद पड़े
याद रहे कि पिछले वर्ष ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होने के दौरान तीन मरीजों की मौत होने का मामला सामने आया था। ऐसे गंभीर अनुभव के बावजूद अगर अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट लंबे समय से बंद पड़े हैं तो यह सरकार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया कि दोनों PSA ऑक्सीजन प्लांट महीनों से बंद क्यों हैं? उनकी मरम्मत में इतनी देरी क्यों हो रही है? इन्हें दोबारा चालू करने की समयसीमा क्या है और अगर किसी तकनीकी खराबी या प्रशासनिक लापरवाही के कारण देरी हुई है तो इसकी जिम्मेदारी किस अधिकारी की है?