ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 10 September 2026

Jalandhar News: चेयरमैन स्व: अनिल चोपड़ा जी की याद में सेंट सोल्जर ग्रुप करेगा कल नाइट क्रिकेट मैचों का शुभारंभ

Jalandhar News: चेयरमैन स्व: अनिल चोपड़ा जी की याद में सेंट सोल्जर ग्रुप करेगा कल नाइट क्रिकेट मैचों का शुभारंभ

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: खेलों, समावेशिता और खिलाड़ियों को समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सेंट सोल्जर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा चेयरमैन क्रिकेट ग्राउंड, सेंट सोल्जर कॉलेज कैंपस, एनआईटी के निकट, जालंधर-अमृतसर रोड, जालंधर में नाइट क्रिकेट मैचों की शुरुआत की जा रही है।

क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा

नाइट क्रिकेट का उद्घाटन मुकाबला एक विशेष दिव्यांग क्रिकेट मैच होगा, जिसका आयोजन चेयरपर्सन अनिल चोपड़ा जी की स्मृति एवं उनकी खेल भावना को समर्पित करते हुए किया जा रहा है। इस विशेष मुकाबले में पी सी सी ए, चंडीगढ़ और डी ए सी सी, पंजाब की टीमें आमने-सामने होंगी। मुकाबले के माध्यम से प्रतिभाशाली दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा, आत्मविश्वास और जुझारूपन प्रदर्शित करने के लिए एक प्रतिष्ठित मंच प्रदान किया जाएगा।

चेयरमैन क्रिकेट ग्राउंड में नाइट क्रिकेट की शुरुआत खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे खिलाड़ियों को पारंपरिक समय के अतिरिक्त शाम के समय भी क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया

यह पहल सेंट सोल्जर कैंपस की खेल संस्कृति में एक नया आयाम जोड़ने के साथ-साथ क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी एक रोमांचक अनुभव लेकर आएगी। इस अवसर पर ग्रुप चेयरपर्सन संगीता चोपड़ा ने कहा कि खेल हमेशा से ही अनिल चोपड़ा जी की सोच और विजन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। उन्होंने सदैव खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग प्रदान किया।

विशेष रूप से, वे दिव्यांग खिलाड़ियों के जज्बे और खेल प्रतिभा की सराहना करते थे तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते थे। संगीता चोपड़ा ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी और खेलों के माध्यम से समाज में समावेशिता एवं समानता की भावना को और मजबूत करेगी।