Saturday, 24 October 2026
पंजाब
Jalandhar News: इन्नोसेंट हार्ट्स में आयोजित 'मार्केट डे' में युवा उद्यमियों ने अपनी रचनात्मकता और नवाचार का किया शानदार प्रदर्शन
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: इनोसेंट हार्ट्स स्कूल, ग्रीन मॉडल टाउन और नूरपुर रोड कैम्पसों में उत्साह एवं उमंग के साथ भव्य ‘मार्केट डे’ का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने युवा उद्यमियों को अपनी रचनात्मकता, नवाचारी विचारों और उद्यमशीलता के कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।
दोनों परिसरों में कलात्मक कृतियों, हस्तनिर्मित उत्पादों और आकर्षक खाद्य स्टॉलों से सजे जीवंत बाज़ार का मनमोहक दृश्य देखने को मिला। ग्रीन मॉडल टाउन कैम्पस में कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी (अल्युमनाई) श्री ऋषि चड्ढा ने अपनी माता जी के साथ किया। वे एक उभरते हुए उद्यमी एवं डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ हैं।
उन्होंने कक्षा आठवीं में अध्ययन के दौरान मात्र 13 वर्ष की आयु में अपनी रचनात्मक यात्रा आरंभ की थी। आज उन्होंने कंटेंट क्रिएशन के प्रति अपने जुनून को डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग और व्यवसाय विकास के क्षेत्र में करियर का रूप दिया है।
यह भी पढ़ें: जालंधर के 66 फुटी रोड पर सट्टेबाजी का 'उत्तम' खेल, सट्टा किंग RK के खिलाफ ED में शिकायत
उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की तथा विद्यार्थियों की रचनात्मकता, नवाचार और उद्यमशीलता के कौशल को विकसित करने के लिए ऐसा मंच प्रदान करने पर विद्यालय प्रबंधन की प्रशंसा की। विद्यालय के प्रिंसिपल राजीव पालीवाल और डिप्टी डायरेक्टर, प्राइमरी एवं मिडिल विंग, हरलीन गुलरिया ने इस पहल की सराहना की।
प्रिंसिपल ने इस पहल की सराहना की
उन्होंने विद्यार्थियों को एक्सपेरिमेंटल लर्निंग के माध्यम से उद्यमशीलता के कौशल विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और ऑर्डर देकर इस आयोजन को एक रोचक, सहभागितापूर्ण एवं ज्ञानवर्धक अनुभव बनाया। नूरपुर रोड कैम्पस में हस्तनिर्मित उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इसमें सुगंधित मोमबत्तियाँ, रेज़िन आर्ट की की-चेन, पेंडेंट, पेन होल्डर और पाउच शामिल थे, जो विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, मौलिकता और रचनात्मक सोच को दर्शा रहे थे। खूबसूरती से तैयार की गई क्रोशिया की की-चेन, क्लच, फूल, हाथ से बनी स्क्रंचीज़, बालियाँ और चित्रकलाओं ने आयोजन में सृजनात्मकता एवं हस्तकला का अनूठा रंग भर दिया।
स्टॉलों ने भी आगंतुकों को खूब आकर्षित किया
खाने-पीने के स्टॉलों ने भी आगंतुकों को खूब आकर्षित किया। ‘चॉकलेट हेवन’, ‘पानी पुरी’, ‘भेल इन ब्रू’ और ‘क्रंची मंची’ जैसे स्टॉलों पर स्वादिष्ट व्यंजनों की विविधतापूर्ण श्रृंखला उपलब्ध थी। नूरपुर रोड परिसर की डायरेक्टर श्रीमती मीनाक्षी शर्मा और प्रिंसिपल श्रीमती जसमीत बख्शी ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता, रचनात्मकता और उद्यमशीलता की भावना की सराहना की।
दोनों परिसरों में आयोजित ‘मार्केट डे’ रचनात्मकता और व्यावहारिक अधिगम का उत्कृष्ट संगम सिद्ध हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीमवर्क, वित्तीय जागरूकता और उद्यमशील सोच को विकसित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही, विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने और भविष्य के उद्यमियों के रूप में अपनी क्षमताओं को पहचानने का अवसर भी प्रदान किया।