Saturday, 08 August 2026
जालंधर
Jalandhar News: जालंधर के Apeejay में MUN कार्यक्रम में भीड़े छात्र, जमकर चले लात-घूंसे
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के Apeejay परिसर में आयोजित मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ छात्र-छात्राएं एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई करते नजर आ रहे हैं।
नामी स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया
जानकारी के अनुसार, एपीजे कॉलेज परिसर में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए MUN कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें शहर के कई नामी स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। कार्यक्रम के दौरान खानपान की भी व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ विद्यार्थियों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में हाथापाई में बदल गया।
वायरल वीडियो में कुछ छात्र-छात्राएं एक-दूसरे से उलझते और धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और मारपीट में शामिल विद्यार्थी किन स्कूलों से संबंधित हैं।
सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अभिभावकों और शहरवासियों के बीच यह चर्चा है कि जब अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थी किसी शैक्षणिक कार्यक्रम के लिए एक परिसर में मौजूद हों, तो उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है।
फिलहाल इस मामले में आयोजकों या स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और वीडियो में दिखाई दे रहे विद्यार्थियों की पहचान भी स्पष्ट नहीं है।