Sunday, 25 October 2026
खेल
Asian Hockey Champions Trophy: जालंधर में एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए विश्वस्तरीय इंतजाम, CM भगवंत मान करेंगे भव्य उद्घाटन- नितिन कोहली
डेली संवाद, जालंधर। Asian Hockey Champions Trophy 2026: जालंधर में होने वाली एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम को महज चार महीने में विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया गया है।
हॉकी पंजाब के प्रधान नितिन कोहली, डायरेक्टर स्पोर्ट्स अभिजीत कपलिश, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर टूर्नामेंट की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और दर्शकों के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। 27 अक्टूबर से शुरू होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेजबान भारत समेत एशिया की छह शीर्ष टीमें हिस्सा लेंगी।
सभी मैचों में फ्री एंट्री
पंजाब सरकार ने हॉकी प्रेमियों, युवाओं और परिवारों को बड़ी राहत देते हुए टूर्नामेंट के सभी मैचों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा है। दर्शक www.ticketgenie.in वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करके QR कोड वाले डिजिटल पास प्राप्त कर सकते हैं।
नितिन कोहली ने कहा कि, टूर्नामेंट का आगाज 27 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे होगा। शाम 5 बजे भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा, जबकि भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत शाम 7:20 बजे बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से करेगी।
यह भी पढ़ें: जालंधर के 66 फुटी रोड पर सट्टेबाजी का 'उत्तम' खेल, सट्टा किंग RK के खिलाफ ED में शिकायत
उद्घाटन समारोह में शामिल होने वाले दर्शकों से अपील की गई है कि वे शाम 4 बजे तक अपनी सीटों पर पहुंच जाएं। अन्य मैच देखने आने वाले दर्शकों को निर्धारित मैच समय से 30 से 60 मिनट पहले स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है।

DAV कॉलेज फ्लाईओवर की तरफ से मिलेगी एंट्री
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि दर्शकों की सुरक्षित आवाजाही और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ट्रैफिक और पार्किंग को लेकर दर्शकों को परेशानी से बचाने के लिए व्यवस्था की गई है।
दर्शक HMV कॉलेज चौक से DAV कॉलेज फ्लाईओवर की ओर वाली साइड लेन के माध्यम से स्टेडियम पहुंच सकेंगे। यह रास्ता सीधे बुल्टन पार्क के गेटों तक जाता है, जहां पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रवेश मार्ग का इस्तेमाल करें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
फूड कोर्ट, फैन पवेलियन और कार्निवल जैसा माहौल
हॉकी मुकाबलों के अलावा दर्शकों के मनोरंजन के लिए स्टेडियम परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां फूड कोर्ट, फैन पवेलियन और कार्निवल जैसी गतिविधियों के लिए स्थान तैयार किए गए हैं, ताकि दर्शक परिवार के साथ खेल और मनोरंजन का आनंद ले सकें।
अधिकारियों ने पंजाब के लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का हिस्सा बनने की अपील की।
घर बैठे भी देख सकेंगे सभी 20 मुकाबले
जो दर्शक स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए भी मुकाबलों का सीधा प्रसारण उपलब्ध रहेगा। टूर्नामेंट के सभी 20 मैच Star Sports पर प्रसारित होंगे और JioHotstar पर लाइव स्ट्रीम किए जाएंगे।
एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 से जालंधर को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। विश्वस्तरीय सुविधाओं, निःशुल्क प्रवेश और सुरक्षा इंतजामों के साथ प्रशासन इस बड़े खेल आयोजन को सफल बनाने की तैयारी में जुटा है।