Tuesday, 04 August 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर के इस इलाके में चली ताबड़तोड़ गोलियां, मचा हड़कंप, भारी फोर्स मौके पर पहुंची
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर शहर के भार्गव कैंप इलाके में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग (एक्साइज) की टीम पर अचानक फायरिंग कर दी गई। गोलीबारी के बाद एक्साइज अधिकारियों ने किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, एक्साइज विभाग को भार्गव कैंप क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई होने की गुप्त सूचना मिली थी।
इलाके में छापेमारी
सूचना के आधार पर विभाग की टीम इलाके में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने टीम पर कई राउंड फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदारों ने अपने शटर बंद कर दिए और लोग घरों के अंदर चले गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

गोलियों के खोल बरामद
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद किए हैं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
मामले को लेकर एसीपी अतिश भाटिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि एक्साइज विभाग अवैध शराब के खिलाफ रेड कर रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति को काबू किया गया, जिसके बाद फायरिंग की घटना हुई। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
कानून से ऊपर कोई नहीं
पुलिस का कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। फायरिंग करने वालों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में शामिल लोगों का किसी अवैध शराब गिरोह या अन्य आपराधिक नेटवर्क से संबंध तो नहीं है।