Tuesday, 06 October 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर में पुलिसकर्मियों पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप, 3-4 वाहनों को मारी टक्कर; वीडियो वायरल
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के भोगपुर में देर रात उस समय हंगामा मच गया, जब कथित तौर पर शराब के नशे में पुलिसकर्मियों ने सरकारी वाहन से कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और पूरे घटनाक्रम की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस वाहन ने देर रात तीन-चार गाड़ियों को टक्कर मारी, जिससे एक वाहन का टायर तक फट गया। लोगों ने जब पुलिसकर्मियों को रोककर वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा तो वे कथित तौर पर काफी देर तक वाहन के अंदर ही बैठे रहे।
वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। वायरल हो रही वीडियो में स्थानीय लोग पुलिसकर्मियों से सवाल करते हुए दिखाई और सुनाई दे रहे हैं। लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मी इतने नशे में थे कि उनसे सरकारी वाहन भी ठीक से नियंत्रित नहीं हो रहा था।
यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि आम नागरिक द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस तुरंत चालान काटती है, लेकिन यदि पुलिसकर्मी ही कथित तौर पर शराब के नशे में वाहन चलाकर सड़क पर दूसरी गाड़ियों को टक्कर मारें तो उनके खिलाफ कार्रवाई कौन करेगा?
पुलिस पर उठे सवाल
बढ़ते हंगामे को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने संबंधित पुलिस स्टेशन के SHO को फोन कर घटना की जानकारी दी और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर घटना को लेकर लोगों में काफी रोष है। हालांकि, पुलिसकर्मियों के शराब के नशे में होने और घटना की पूरी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।