ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 14 August 2026

Jalandhar News: भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने जालंधर में निकाली 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' पर मौन यात्रा

Jalandhar News: भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने जालंधर में निकाली 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' पर मौन यात्रा

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने जालंधर में मौन यात्रा निकालकर वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस यात्रा का नेतृत्व भाजपा पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने किया। उनके साथ पंजाब भाजपा के सह-प्रभारी नरेंद्र रैना, राकेश राठौर, मनोरंजन कालिया, राजेश बाघा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

मौन यात्रा भगवान श्रीराम चौक से शुरू होकर भगवान वाल्मीकि चौक तक निकाली गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभाजन के दौरान अपने घर-बार छोड़ने को मजबूर हुए लोगों और शहीदों को याद करते हुए मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जालंधर शहरी के अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में किया गया।

पंजाब ने सबसे अधिक झेला विभाजन का दर्द

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि वर्ष 1947 का विभाजन भारत के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक था। उन्होंने कहा कि देश दो हिस्सों में बंटा, लेकिन इसका सबसे बड़ा दर्द पंजाब और पंजाबियों ने झेला। हजारों परिवार उजड़ गए, लाखों लोगों को अपना घर, जमीन-जायदाद और अपनों को छोड़कर पलायन करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि शायद ही कोई पंजाबी परिवार होगा जिसने विभाजन की पीड़ा को किसी न किसी रूप में महसूस न किया हो। यह दर्द आज भी पंजाब की सामूहिक स्मृति में जीवित है और इसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

Jalandhar News.jpg

प्रधानमंत्री मोदी के निर्णय की सराहना

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' घोषित करना उन लाखों पीड़ितों और बलिदानियों को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिनके संघर्ष और बलिदान को लंबे समय तक उचित सम्मान नहीं मिल पाया।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को विभाजन के इतिहास और उसकी विभीषिका से अवगत कराना जरूरी है, ताकि समाज को बांटने वाली शक्तियों को भविष्य में कभी सफल होने का अवसर न मिले।

कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस मौके पर पंजाब भाजपा के सह-प्रभारी नरेंद्र रैना, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, राजेश बाघा, राकेश राठौर, कृष्ण देव भंडारी, सुशील रिंकू, शीतल अंगुराल, करमजीत चौधरी, अमरजीत सिंह अमरी, जगबीर बराड़, रमन पब्बी, सुभाष सूद, रवि महेंद्रू, आर.के. मल्होत्रा, आशीष सहगल, मनीष बल, क्षितिज ढल, सोनू चौहान, अजय ठाकुर, प्रदीप खुल्लर, ऋषि बहल सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।