ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 28 November 2026

जालंधर के बूटा मंडी में व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या, बेटे के सामने पिता पर हमला: 2 आरोपियों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप, परिवार ने मांगा इंसाफ

जालंधर के बूटा मंडी में व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या, बेटे के सामने पिता पर हमला: 2 आरोपियों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप, परिवार ने मांगा इंसाफ

जालंधर: पंजाब के जालंधर में अपराध का गंभीर मामला सामने आया है। बूटा मंडी इलाके में एक व्यक्ति की तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान सतपाल के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। परिवार ने दो आरोपियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पिता के साथ एक्टिवा पर घर लौट रहा था बेटा

मृतक के बेटे रोहनप्रीत के मुताबिक, शुक्रवार रात वह अपने पिता सतपाल के साथ एक्टिवा पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यू-टर्न लेते समय कथित तौर पर अजय ने उन पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया।

रोहनप्रीत ने बताया कि उसने शोर मचाकर मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन कोई सहायता के लिए आगे नहीं आया। हमले में सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार ने दो युवकों पर लगाए आरोप

परिजनों ने हमलावरों की पहचान अजय क्लेर और अमरजीत क्लेर के रूप में बताई है। परिवार के मुताबिक, मृतक की आरोपियों के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। बताया जा रहा है कि आरोपी अजय बूटा मंडी इलाके में वेल्डिंग का काम करता है।

नशे का आदी होने का भी आरोप

परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि अजय नशे का आदी है और पहले भी कई लोगों के साथ मारपीट या हमला कर चुका है। लोगों का कहना है कि यदि पहले कार्रवाई की गई होती तो ऐसी घटना को रोका जा सकता था। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

एक अन्य युवक पर हमले का भी आरोप

परिजनों के अनुसार, इसी घटना के दौरान एक अन्य व्यक्ति के सांडू के बेटे पर भी किसी नुकीली चीज से हमला किया गया। घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां जांच के दौरान उसकी सांस की नली को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

थाना-6 पुलिस ने बरामद किया वारदात में इस्तेमाल हथियार

घटना की सूचना मिलते ही थाना-6 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। थाना-6 के प्रभारी रवि ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई छुरी बरामद कर ली गई है। मृतक के बेटे के बयान के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है। मामले में पुलिस की आगे की जांच और कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।