डेली संवाद, जालंधर।
Jalandhar News: जालंधर शहर के बस स्टैंड के पास नरिंदर सिनेमा वाली गली में मंगलवार देर रात एक निहंग सिंह ने कथित तौर पर देह व्यापार कर रही लड़कियों को पकड़ने की कोशिश की। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों लड़कियां मौके से फरार हो गईं। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार जालंधर
(Jalandhar)
में ऑटो चलाने वाले और तरना दल से जुड़े बाबा बख्शीश सिंह बाजड़ा देर रात करीब 12 बजे के बाद अपनी ड्यूटी के दौरान बस स्टैंड के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान जब वह नरिंदर सिनेमा वाली गली में पहुंचे तो वहां कुछ लड़के और लड़कियां संदिग्ध हालात में खड़े दिखाई दिए। बाबा के अनुसार यह जगह लंबे समय से देह व्यापार और नशे की गतिविधियों के लिए बदनाम रही है।
लड़के-लड़कियां आपत्तिजनक स्थिति में
बाबा बख्शीश सिंह ने बताया कि वह अक्सर रात में ऑटो चलाते हुए शहर की गलियों से गुजरते हैं और कई बार इस गली में लड़के-लड़कियां आपत्तिजनक स्थिति में खड़े मिलते हैं। उनके अनुसार यहां पहले नशा किया जाता है और इसके बाद जिस्मफिरोशी का धंधा चलता है। उन्होंने कहा कि पुलिस की गाड़ियां भी इलाके में आती हैं, लेकिन जैसे ही हूटर की आवाज सुनाई देती है, वहां मौजूद लोग छिप जाते हैं। पुलिस के जाते ही फिर से वही गतिविधियां शुरू हो जाती हैं।
मंगलवार रात भी जब बाबा वहां पहुंचे तो कुछ लड़कियां वहां खड़ी मिलीं। बाबा को देखते ही वे भागने लगीं। बाबा ने भी उनके पीछे दौड़ लगाई और एक लड़की को पकड़ लिया। पकड़ी गई लड़की ने लाल सूट पहन रखा था और उसके हाथों में चूड़ा भी था। पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसकी हाल ही में शादी हुई है और वह अपनी बहन के साथ बस स्टैंड की तरफ आई थी।
अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार
जब बाबा ने उससे उसकी बहन को बुलाने के लिए कहा तो उसने गली की दूसरी तरफ इशारा करते हुए बताया कि उसकी बहन वहीं खड़ी है। जैसे ही बाबा उसकी बहन को ढूंढने के लिए आगे बढ़े, उसी दौरान दोनों लड़कियां अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गईं।
इसके बाद बाबा बख्शीश सिंह ने गली में बने एक कमरे की जांच की। उन्होंने बताया कि कमरे के अंदर बड़ी मात्रा में नशे से जुड़ी सामग्री और आपत्तिजनक सामान पड़ा मिला। कमरे में जगह-जगह इस्तेमाल किए गए कंडोम पड़े थे और चिट्टा लगाने के बाद फेंकी गई सिल्वर फॉयल भी बिखरी हुई थी। कमरे के अंदर सोने के लिए बिस्तर भी रखे गए थे।
सख्त कार्रवाई की मांग
बाबा के अनुसार रात के समय इन बिस्तरों का इस्तेमाल किया जाता है और बाद में इन्हें फोल्ड करके कमरे में रख दिया जाता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में चल रही इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आसपास के माहौल को खराब होने से बचाया जा सके।