Monday, 07 September 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर में मासूम बच्ची से हैवानियत और हत्या, एक साल बाद भी इंसाफ का इंतजार; मां बोली- सरकार ने वादा पूरा नहीं किया, शीतल बोले- भगत के घर पर धरना दूंगा
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News:जालंधर के बस्ती इलाके में मासूम बच्ची के साथ हैवानियत के बाद उसकी हत्या के दर्दनाक मामले को करीब एक साल बीत चुका है, लेकिन पीड़ित परिवार आज भी इंसाफ की आस लगाए बैठा है। परिवार का आरोप है कि सरकार की ओर से मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने और मृतक बच्ची की मां को सरकारी नौकरी देने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक दोनों वादे पूरे नहीं हुए।
जालंधर में आज पूर्व विधायक और भाजपा नेता शीतल अंगुराल के साथ प्रेस कांफ्रेंस करते हुए बच्ची की मां ने कहा कि बेटी को खोने का दर्द हर दिन उनके सामने है। घटना के बाद उन्हें उम्मीद थी कि आरोपी को जल्द सजा मिलेगी और परिवार को सरकार की ओर से किए गए वादों के मुताबिक सहायता मिलेगी। लेकिन एक साल गुजरने के बाद भी उन्हें कथित तौर पर न्यायिक प्रक्रिया में अपेक्षित तेजी नजर नहीं आ रही है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाने का हुआ था वादा
पीड़ित परिवार के मुताबिक, बच्ची की हत्या के बाद सरकार की ओर से भरोसा दिलाया गया था कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करवाई जाएगी, ताकि परिवार को जल्द इंसाफ मिल सके।
परिवार का आरोप है कि अभी तक मामले में प्रभावी पैरवी नहीं हुई है। परिवार लगातार मांग कर रहा है कि मामले की सुनवाई में तेजी लाई जाए और दोषी को कानून के मुताबिक सख्त सजा मिले।
मां को नौकरी देने का भी मिला था भरोसा
परिवार का यह भी आरोप है कि बच्ची की मां को सरकारी नौकरी देने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन एक साल बाद भी नौकरी नहीं मिलने से परिवार की परेशानी और बढ़ गई है।
मृतक बच्ची की मां ने सरकार से अपने वादे पूरे करने और मामले में जल्द इंसाफ दिलाने की अपील की है।
इंसाफ की लड़ाई लड़ रही मां
मासूम बेटी को खोने के बाद मां अब न्याय के लिए संघर्ष कर रही है। परिवार का कहना है कि वह अपनी बेटी को वापस तो नहीं ला सकते, लेकिन चाहते हैं कि मामले में जल्द फैसला हो और दोषी को सजा मिले, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।
पीड़ित परिवार ने सरकार और प्रशासन से केस की जल्द सुनवाई, प्रभावी पैरवी और नौकरी के वादे को पूरा करने की मांग की है।
मंत्री के घर के बाहर धरना दूंगा - शीतल
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व विधायक और भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने कहा है कि कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने मृतक बच्ची की मां को सरकारी नौकरी दिलाने का वादा किया था। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की बात कही थी, लेकिन दोनों वादा पूरा नहीं हो सका।
शीतल अंगुराल ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि पांच दिन के बाद वे पीड़ित परिवार के साथ कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के घर के बाहर धरना देंगे। पीड़ित परिवार को जबतक इंसाफ नहीं मिलता तब तक लड़ाई जारी रखेंगे।