ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 12 June 2026

Jalandhar News: जालंधर के गोदाम में भीषण अग्निकांड, लाखों का नुकसान

Godown Fire in Jalandhar
Godown Fire in Jalandhar
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के जेपी नगर इलाके में गुरुवार देर रात एक कोठी के भीतर बने गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग का कारण बिजली के तारों में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में गोदाम का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। घटना के दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए चार से अधिक दमकल गाड़ियों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग करते हुए गोदाम और कोठी में रखे कीमती सामान को बाहर निकालने में मदद की।

बिजली आपूर्ति बंद करने में देरी हुई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के शुरुआती समय में बिजली आपूर्ति बंद करने में देरी हुई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। लोगों का आरोप है कि बिजली चालू रहने के कारण गोदाम के अंदर बार-बार शॉर्ट सर्किट होता रहा और आग लगातार फैलती गई। बाद में पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद करवाई गई, जिसके बाद दमकल विभाग को आग बुझाने में काफी राहत मिली।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

बताया जा रहा है कि कोठी के एक हिस्से को गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, जहां बड़ी मात्रा में सामान रखा हुआ था। आग लगने के कारण गोदाम में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया। हालांकि अभी तक नुकसान का सटीक आकलन नहीं किया जा सका है, लेकिन संपत्ति को भारी क्षति पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल गया

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय वार्ड के पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों से पूरी स्थिति की जानकारी प्राप्त की। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय कोठी में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए बिजली व्यवस्था की नियमित जांच और सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है।