Wednesday, 05 August 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर में चावला डेयरी पर बड़ी कार्रवाई, 1000 किलो पनीर और 68 किलो क्रीम सील, 9 सैंपल जांच के लिए भेजे गए
डेली संवाद, जालंधर।Jalandhar Food Safety Raid: त्योहारी सीजन से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसते हुए जालंधर के स्वास्थ्य विभाग की फूड सेफ्टी टीम ने बुधवार सुबह शहर की प्रमुख डेयरियों पर बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान करीब 1000 किलो पनीर और 68 किलो क्रीम को मिलावट के संदेह में सील कर दिया गया, जबकि 9 खाद्य नमूने जांच के लिए स्टेट फूड लैबोरेटरी, खरड़ भेजे गए हैं।
चावला डेयरी पर सुबह-सुबह हुई रेड
फूड सेफ्टी आयुक्त रजिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में फूड सेफ्टी अधिकारियों मुकुल गिल, रॉबिन कुमार और रवि नंदन गोयल की टीम ने सबसे पहले मॉडल हाउस स्थित चावला डेयरी (Chawla Dairy) पर छापेमारी की। यह डेयरी शहर में बड़े स्तर पर पनीर की सप्लाई के लिए जानी जाती है।
जांच के दौरान अधिकारियों ने डेयरी संचालक से दूध और उससे तैयार होने वाले उत्पादों की खरीद, बिक्री और निर्माण से संबंधित रिकॉर्ड मांगा। डेयरी मालिक ने दावा किया कि पनीर का निर्माण काला संघिया रोड स्थित यूनिट में किया जाता है।
जांच में नहीं मिला पनीर बनाने का सेटअप
स्वास्थ्य विभाग की टीम जब बताए गए पते पर पहुंची तो वहां केवल घी और दही का निर्माण होता मिला। अधिकारियों को वहां पनीर बनाने का कोई प्लांट या उत्पादन व्यवस्था नहीं मिली। जब टीम ने इस संबंध में सवाल किए तो डेयरी संचालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद फूड सेफ्टी विभाग ने कार्रवाई करते हुए मौके से पनीर के 2, क्रीम का 1, घी का 1 और दही का 1 सैंपल लिया। साथ ही मिलावट की आशंका के चलते वहां रखा करीब 1000 किलो पनीर और 68 किलो क्रीम का पूरा स्टॉक सील कर दिया।
जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स में भी हुई कार्रवाई
इसके बाद टीम ने जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स में स्थित राधे डेयरी, लवली डेयरी और सतपाल डेयरी की जांच की। यहां से दूध के 3 और घी का 1 सैंपल लिया गया। इस तरह कुल 9 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए स्टेट फूड लैबोरेटरी, खरड़ भेज दिए गए हैं।
रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई
फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सील किए गए स्टॉक की जांच रिपोर्ट जल्द मंगवाने के लिए फूड एनालिस्ट को पत्र भेजा गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं, तो संबंधित डेयरी संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।