ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 19 August 2026

Jalandhar News: जालंधर में स्वीट शॉप में बड़ी चोरी: शटर उखाड़कर 92 हजार कैश और DVR ले गए चोर

Jalandhar News: जालंधर में स्वीट शॉप में बड़ी चोरी: शटर उखाड़कर 92 हजार कैश और DVR ले गए चोर

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर में चोरी की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। थाना नंबर 7 के अंतर्गत गढ़ा रोड स्थित बीकानेर स्वीट्स एंड बेकर की दुकान में देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। बदमाश दुकान का शटर उखाड़कर अंदर दाखिल हुए और तिजोरी से नकदी के साथ डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) भी चोरी कर ले गए।

वारदात का पता सुबह उस समय चला, जब दुकानदार का भाई दुकान खोलने पहुंचा। शटर टूटा देखकर उसके होश उड़ गए। अंदर जाने पर दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरी खाली थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

शटर उखाड़कर दुकान में घुसे चोर

दुकानदार गणेश ने बताया कि वह और उनका भाई रात करीब 11 बजे दुकान बंद करके घर गए थे। सुबह जब उनका भाई दुकान खोलने पहुंचा तो शटर उखड़ा हुआ मिला। दुकान के अंदर सामान अस्त-व्यस्त था और तिजोरी से नकदी गायब थी।

पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब 90 से 92 हजार रुपये नकद और DVR लेकर फरार हुए हैं। DVR चोरी होने से पुलिस के लिए दुकान के अंदर की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग हासिल करना भी चुनौती बन गया है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर 7 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई बलविंदर पाल ने दुकानदार से दुकान को नहीं छूने और मौके पर मौजूद सामान को उसी स्थिति में रखने की अपील की, ताकि फिंगरप्रिंट और अन्य सबूत जुटाए जा सकें। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

एएसआई बलविंदर पाल के अनुसार, दुकानदार गणेश की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शिकायत में करीब 90 हजार रुपये नकद और DVR चोरी होने की जानकारी दी गई है।

पुलिस अब दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है।