Wednesday, 09 September 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर में मेडिकल स्टोर पर छापा, भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं जब्त; संचालक पर होगी कार्रवाई
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर कमिश्नरेट पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने तेज मोहन नगर स्थित गौरव मेडिकल स्टोर पर देर रात अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित गोलियां और नार्कोटिक ड्रग्स बरामद किए हैं। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक गौरव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई शहर में नशे की अवैध बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि मेडिकल स्टोर पर बिना वैध नियमों और डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित नशीली दवाएं बेची जा रही हैं।
एसीपी आतिश भाटिया की अगुवाई में हुई रेड
गुप्त सूचना मिलने के बाद एसीपी आतिश भाटिया और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त अगुवाई में पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर पर दबिश दी। टीम ने दुकान में मौजूद दवाइयों के स्टॉक और रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान ऐसी दवाएं और गोलियां बरामद हुईं, जिनका इस्तेमाल नशे के तौर पर किए जाने की आशंका है। टीम ने प्रतिबंधित दवाओं को कब्जे में लेकर सैंपलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रेड की खबर मिलते ही कुछ दुकानदार हुए गायब
कार्रवाई के दौरान आसपास के कई दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि रेड की भनक लगते ही कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से निकल गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, ड्रग विभाग की ओर से मेडिकल स्टोर का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे सभी दवाओं की बिक्री सरकारी नियमों और वैध डॉक्टर की पर्ची के अनुसार ही करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।