Wednesday, 30 September 2026
पंजाब
Jalandhar News: अमित शाह की जालंधर रैली से पहले धमकी भरा ईमेल, मंच के नीचे IED होने का दावा; सुरक्षा बढ़ी
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जालंधर रैली से पहले बम धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। जालंधर के एक स्कूल को भेजे गए ई-मेल में दावा किया गया कि रैली के स्टेज के नीचे IED रखा गया है।
ई-मेल में शहर के स्कूलों, श्री देवी तालाब मंदिर और बसों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। धमकी मिलने के बाद जालंधर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। रैली स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
सुबह 7:07 बजे आया धमकी भरा ई-मेल
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7:07 बजे कैंब्रिज स्कूल को धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। ई-मेल में दावा किया गया कि अमित शाह की रैली के मंच के नीचे IED लगाया गया है। इसके अलावा ई-मेल में जालंधर के कुछ स्कूलों, श्री देवी तालाब मंदिर और बसों को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई है।
धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। ई-मेल की तकनीकी जांच के जरिए इसे भेजने वाले का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
अमित शाह पहुंचे श्री देवी तालाब मंदिर
धमकी के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जालंधर पहुंचे। उन्होंने श्री देवी तालाब मंदिर में माथा टेका और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह परागपुर स्थित रैली स्थल के लिए रवाना हो गए। अमित शाह यहां भाजपा की ओर से निकाली गई ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का समापन करेंगे।
इसके बाद वह बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। रैली को लेकर पुलिस ने पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की हुई थी। अब धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।
अमित शाह ने AAP पर साधा निशाना
जालंधर पहुंचने से पहले अमित शाह ने सोशल मीडिया के जरिए पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अपने पोस्ट में पंजाब में ड्रग्स की समस्या को लेकर AAP सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए और कहा कि पंजाब के लोग नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं।
गौरतलब है कि अमित शाह की जालंधर रैली भाजपा के ‘नशा मुक्त पंजाब’ अभियान के समापन कार्यक्रम के तौर पर आयोजित की जा रही है।
4 यात्राओं के बाद जालंधर में समापन
भाजपा की ओर से पंजाब में नशे के खिलाफ चार यात्राएं निकाली गई थीं। पार्टी के अनुसार इन यात्राओं ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में करीब 4,000 किलोमीटर का सफर तय किया और सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया।
अब इन यात्राओं का समापन जालंधर में अमित शाह की मौजूदगी में किया जा रहा है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
फिलहाल धमकी भरे ई-मेल की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां रैली स्थल के अलावा ई-मेल में जिन स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है, वहां भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रही हैं।