Monday, 10 August 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर के लद्देवाली रोड पर अवैध रूप से बनी मार्केट और दुकानों पर होगी कार्रवाई, कमिश्नर के आदेश पर चल सकती है डिच
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर सैंट्रल हलके लद्देवाली, रामामंडी और होशियारपुर रोड पर इस समय अवैध निर्माणों की बाढ़ आ गई है। नगर निगम के नए कमिश्नर निकास कुमार की सख्ती भी इन अवैध निर्माणों को नहीं रोक पा रही है। लद्देवाली रोड पर रिहाइशी नक्शा पास करवाकर पूरी मार्केट बना दी गई है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है।
जालंधर (Jalandhar) शहर के लद्देवाली (Laddewali) इलाके में इस समय अवैध रूप से कई कामर्शियल प्रोजैक्ट बन रहे हैं। इसमें शोरूम, दुकानें और मार्केट शामिल है। लगातार शिकायत के बाद भी बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारी इन अवैध निर्माणों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
रिहाइशी नक्शे पर मार्केट बनाई
लद्देवाली रोड पर एक साथ कई कामर्शियल निर्माण हो रहे है। जीएनडीयू रीजनल कैंपस के आसपास पूरी मार्केट बना दी गई है। इसमें भी निगम के बिल्डिंग ब्रांच के अफसर की मिलीभगत बताई जा रही है। लद्देवाली रोड पर 50 से ज्यादा अवैध दुकानें बन रही है।
जानकारी के मुताबिक बिल्डिंग ब्रांच ने रिहाइशी नक्शा पास किया है, लेकिन वहां कामर्शियल निर्माण हुआ है। इसे रोकने वाले इंस्पैक्टर शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

इंस्पैक्टर ने नहीं की कार्रवाई
इलाके के लोगों के मुताबिक इन दुकानों की शिकायत इंस्पैक्टर मनीष अरोड़ा से की गई थी, लेकिन मनीष अरोड़ा ने कोई कार्रवाई नहीं की, उल्टे तीन दुकानों के साथ पूरा शोरूम बन गया। इस संबंध में इंस्पैक्टर मनीष अरोड़ा की प्रतिक्रिया आना बाकी है।
इसी रोड पर नए कट रही कालोनी के सामने अवैध रूप से तीन दुकानें भी बनवाई गई है। डेली संवाद पर खबर छपते ही इंस्पैक्टर ने नोटिस जारी कर दिया है। लेकिन साथ ही अवैध दुकान बनाने वाले बिल्डर से पुराना पेंट करवाने और बोर्ड लगाने की सलाह दी गई है, जिससे दुकानों को सील होने से बचाया जा सके।

सील करेंगे, जरूरत पड़ी तो डिच चलाएंगे
वहीं, एटीपी रविंदर कुमार ने कहा है कि रिहाइशी नक्शा पास है, मौके पर कामर्शियल बना है तो उस पर डिच चल सकती है, या इसे सील किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो शिकायत आई थी, वह छज्जा बाहर निकालने को लेकर थी, जिसपर कार्रवाई की गई है।
उधर, एमटीपी इकबालप्रीत सिंह रंधावा ने कहा है कि वे खुद मौका जांच करेंगे। नगर निगम के कमिश्नर के आदेश के बाद उक्त इमारत पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर के आदेश पर उक्त इमारत को सील करेंगे या फिर डिच चलाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के अवैध निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।