Wednesday, 19 August 2026
पंजाब
Jalandhar News: लोहा कारोबारी से लूटकांड में बड़ा खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, पूर्व महिला कर्मचारी और ड्राइवर ने रची थी साजिश
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर (Jalandhar) में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। सूर्या एनक्लेव एक्सटेंशन के पास 120 फीट रोड पर सोमवार रात करीब 7:50 बजे कार सवार पांच लुटेरों ने 60 वर्षीय लोहा कारोबारी ललित मित्तल पर जानलेवा हमला कर 72 लाख रुपये से भरा कैश बैग लूट लिया।
वारदात उस समय हुई, जब व्यापारी टांडा रोड स्थित अपना दफ्तर बंद कर घर लौट रहे थे। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में केस ट्रेस कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस पूरी वारदात के पीछे शामिल अन्य आरोपियों और साजिश के बारे में पूछताछ कर रही है।
120 फीट रोड पर कार से किया पीछा
ललित मित्तल के मुताबिक, वह रोजाना की तरह टांडा रोड स्थित अपने कार्यालय से घर के लिए निकले थे। किशनपुरा में दुग्गल बेकरी के रास्ते 120 फीट रोड पर पहुंचने के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि एक सफेद रंग की कार काफी देर से उनका पीछा कर रही है।
120 फीट रोड पर पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि सड़क की स्ट्रीट लाइटें बंद थीं। किसी अनहोनी की आशंका में उन्होंने अपनी कार की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन पीछे आ रही संदिग्ध कार ने अचानक उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया।
कार में टक्कर मारकर तोड़े शीशे
लुटेरों ने व्यापारी को कार रोकने का इशारा किया। खतरा भांपते हुए ललित मित्तल ने अपनी कार पीछे करने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने अपनी कार से उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।
इसके बाद हमलावरों ने व्यापारी की कार को घेर लिया और लोहे की रॉड से कार के शीशे तोड़ दिए। बदमाशों ने ललित मित्तल के माथे पर भी रॉड से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर कार में रखा 72 लाख रुपये कैश से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस से आरोपियों को दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी हिमाचल प्रदेश की ओर फरार हो गए थे। पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रेस कर दबिश दी और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ड्राइवर और महिला की भूमिका की जांच
प्रारंभिक जांच में इस वारदात के पीछे व्यापारी के पूर्व ड्राइवर शनी और एक महिला की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला कुछ महीने पहले ही व्यापारी की दुकान पर काम करने लगी थी।
पुलिस को शक है कि व्यापारी के कैश लेकर निकलने के समय और रास्ते की जानकारी आरोपियों तक पहुंचाई गई थी। इसी आधार पर पुलिस इस मामले को रेकी और साजिश के बाद की गई लूट के तौर पर भी जांच रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी सामने आना बाकी है।
ललित मित्तल हैं सीजेएस स्कूल के मालिक
ललित मित्तल लोहा कारोबारी होने के साथ-साथ सीजेएस स्कूल के मालिक भी हैं। वह सूर्या एनक्लेव रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव भी बताए जा रहे हैं। पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस लूटकांड में गिरफ्तार आरोपियों, बरामदगी और पूरी साजिश का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।