Monday, 17 August 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर में लोहा कारोबारी से लाखों रुपए की लूट, कार का शीशा तोड़कर कैश से भरे दो बैग ले गए बदमाश
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर में सोमवार रात बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। सूर्या एंक्लेव निवासी लोहा कारोबारी ललित मित्तल से कथित तौर पर लाखों रुपये लूट लिए गए। वारदात टांडा रोड से सूर्या एंक्लेव की तरफ जाते समय हुई। लुटेरों ने कारोबारी की कार को रोककर लोहे की रॉड से शीशा तोड़ा और कैश से भरे दो बैग लेकर फरार हो गए।
टांडा रोड से घर के लिए निकले थे कारोबारी
जानकारी के मुताबिक, ललित मित्तल का टांडा रोड पर लोहे का कारोबार है। सोमवार रात करीब 9:30 बजे वह कार में दो बैग लेकर टांडा रोड से अपने घर सूर्या एंक्लेव के लिए निकले थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुछ लुटेरों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। कारोबारी जब काजी मंडी से होते हुए सूर्या एंक्लेव के मोड़ के पास पहुंचे तो बदमाशों ने अपनी कार उनकी कार के आगे लगा दी।
लोहे की रॉड से कार का शीशा तोड़ा
आरोप है कि बदमाश कार से बाहर निकले और ललित मित्तल की कार पर हमला कर दिया। लुटेरों ने लोहे की रॉड से कार का शीशा तोड़ा और अंदर रखे दोनों बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि दोनों बैग में करीब 72 लाख रुपये नकद थे। वारदात के बाद कारोबारी ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि ललित मित्तल ने कहा है कि कैश के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, वह सुबह पता लगेगा। क्योंकि एकाउंटेंट ने पैसे गिनकर गाड़ी में रखे थे।
पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
लूट की सूचना मिलते ही थाना रामामंडी पुलिस और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जिस रास्ते से कारोबारी की कार गुजरी, वहां लगे कैमरों की फुटेज भी जांच का अहम हिस्सा हो सकती है।
लुटेरों ने पहले से किया था पीछा?
घटना के तरीके से आशंका जताई जा रही है कि बदमाश कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और टांडा रोड से ही उनका पीछा कर रहे थे। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वारदात की पूरी साजिश कैसे रची गई और आरोपी कारोबारी के पास मौजूद नकदी के बारे में कैसे जानते थे।
फिलहाल पुलिस आसपास के CCTV कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
रामामंडी SHO का सरकारी नंबर बंद
लूट की घटना के संबंध में जब रामामंडी थाना के SHO के सरकारी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो नंबर बंद मिला। पुलिस की ओर से फिलहाल वारदात को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।
मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।