ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 13 August 2026

Jalandhar News: जालंधर में लूट की बाइक पर फरार हो रहे दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस के पीछा करने पर पेड़ से टकराई बाइक

Jalandhar News: जालंधर में लूट की बाइक पर फरार हो रहे दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस के पीछा करने पर पेड़ से टकराई बाइक

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर थाना सात की पुलिस ने लूट के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी लूटी गई बाइक पर सवार होकर फरार होने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। पीछा करने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे दोनों आरोपी घायल हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिठ्ठापुर निवासी विक्रम और अमनदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि उनसे अन्य लंबित वारदातों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके।

तीन युवकों ने लूटी थी बाइक

एसीपी मनमोहन सिंह के अनुसार, कोलकाता निवासी सुभाष ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह मोटरसाइकिल पर विजय कॉलोनी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। इनमें से दो ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था।

आरोपियों ने धमकाकर सुभाष से बाइक छीन ली। बाइक के साथ उनके एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और करीब 8 हजार रुपये नकद भी चले गए। शिकायत मिलने के बाद थाना सात की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

नाकाबंदी के दौरान दिखी लूटी गई बाइक

पुलिस टीम इलाके में नाकाबंदी कर जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने बाइक का नंबर चेक किया तो वह सुभाष से लूटी गई मोटरसाइकिल निकली।

पुलिस ने दोनों युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने बाइक रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की। इसके बाद एएसआई बलवंत सिंह ने पुलिस टीम के साथ उनका पीछा शुरू कर दिया।

बारिश के कारण फिसली बाइक

पुलिस से बचकर भागने के दौरान दोनों आरोपी घबरा गए। इसी बीच बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और मोटरसाइकिल सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। बारिश के कारण सड़क गीली थी, जिसके चलते दोनों आरोपी गिरकर घायल हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से लूटी गई बाइक बरामद कर ली। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके किसी अन्य आपराधिक वारदात में शामिल होने की भी जांच की जा रही है।