Friday, 14 August 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर नॉर्थ विधानसभा में विकास को मिली रफ्तार, मेयर वनीत धीर ने कई सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए मेयर एवं नॉर्थ विधानसभा प्रभारी वनीत धीर ने क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों में सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़कों के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। इस दौरान आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप, स्थानीय पार्षद और बड़ी संख्या में क्षेत्र के निवासी मौजूद रहे।
जालंधर नार्थ हलके के इंचार्ज और मेयर वनीत धीर ने कहा कि पंजाब सरकार और नगर निगम का उद्देश्य लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नई सड़क परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों को खराब सड़कों, जलभराव और आवागमन से जुड़ी समस्याओं से काफी राहत मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्य तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे।
वार्ड नंबर 2 में करोड़ों के विकास कार्य
मेयर ने बताया कि वार्ड नंबर 2 के राम बाग क्षेत्र में विभिन्न सीमेंट कंक्रीट सड़कों के निर्माण पर 42.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं परशुराम नगर में अलग-अलग सड़कों को सीसी से पक्का करने का कार्य 96.41 लाख रुपये की अनुमानित लागत से शुरू किया गया है। इन परियोजनाओं से लंबे समय से सड़क समस्याओं का सामना कर रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
वार्ड नंबर 4 में भी सड़क निर्माण को मंजूरी
इसके अलावा वार्ड नंबर 4 के शहीद ऊधम सिंह नगर में 31.81 लाख रुपये की लागत से सीमेंट कंक्रीट सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं दीप नगर एक्सटेंशन में 19.81 लाख रुपये तथा हरदीप नगर में 33.01 लाख रुपये की लागत से नई सीसी सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं देने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और कहा कि लंबे समय से इन इलाकों में नई सड़कों की जरूरत महसूस की जा रही थी। मेयर वनीत धीर ने कहा कि नगर निगम जालंधर शहर के प्रत्येक वार्ड में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य करवा रहा है और भविष्य में भी लोगों की जरूरतों के अनुसार नई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य शहर के हर क्षेत्र को बेहतर सड़क, सीवरेज और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना है, ताकि नागरिकों को आधुनिक शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।