ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 21 August 2026

Jalandhar News: जालंधर नगर निगम हाउस की बैठक 25 अगस्त को, शहर के विकास के लिए हर विधानसभा में तैनात होंगे ज्वाइंट कमिश्नर

Jalandhar News: जालंधर नगर निगम हाउस की बैठक 25 अगस्त को, शहर के विकास के लिए हर विधानसभा में तैनात होंगे ज्वाइंट कमिश्नर

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर नगर निगम हाउस की बैठक 25 अगस्त को बुलाई गई है। मेयर वनीत धीर ने शहर के विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सड़क, सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और पार्कों से जुड़े कामों को मजबूत करने की तैयारी की है। बैठक में शहर के विकास और नगर निगम की व्यवस्थाओं को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है।

हर विधानसभा में एक ज्वाइंट कमिश्नर की तैनाती

शहर के चहुंमुखी विकास को गति देने के लिए नगर निगम में चार ज्वाइंट कमिश्नर तैनात करने की योजना है। इसके तहत जालंधर की प्रत्येक विधानसभा में एक-एक ज्वाइंट कमिश्नर की तैनाती की जाएगी।

फिलहाल जालंधर नगर निगम में ज्वाइंट कमिश्नर के दो पद हैं। अब इनकी संख्या बढ़ाकर चार करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे शहर के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों की निगरानी और प्रशासनिक कामकाज को अधिक प्रभावी तरीके से संचालित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सड़क, सीवरेज और स्ट्रीट लाइट पर फोकस

मेयर वनीत धीर की ओर से शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रस्ताव में सड़कों की स्थिति सुधारने, सीवरेज व्यवस्था मजबूत करने, पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने, स्ट्रीट लाइट और पार्कों के विकास को प्राथमिकता दी गई है।

25 अगस्त को होने वाली नगर निगम हाउस की बैठक में इन प्रस्तावों पर चर्चा के साथ आगे की कार्ययोजना तय की जा सकती है। जालंधर शहर में लगातार बढ़ रही विकास कार्यों की जरूरत को देखते हुए नगर निगम की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।