ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 30 October 2026

Jalandhar News: जालंधर नगर निगम में नक्शे और NOC पास करने का काम ठप, दो महीने में हजारों फाइलें अटकीं; प्लॉट खरीदने-बेचने से लेकर मकान बनाने तक लोग परेशान

Jalandhar News: जालंधर नगर निगम में नक्शे और NOC पास करने का काम ठप, दो महीने में हजारों फाइलें अटकीं; प्लॉट खरीदने-बेचने से लेकर मकान बनाने तक लोग परेशान

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर नगर निगम में बिल्डिंग के नक्शे पास करवाने और NOC लेने का काम पिछले करीब दो महीने से बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोकल बॉडीज विभाग की ओर से शुरू किया गया नया M-Sewa पोर्टल अभी तक पूरी तरह सुचारू नहीं हो पाया है। पोर्टल में लगातार आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण हजारों फाइलें लंबित पड़ी हैं।

इसका सीधा असर आम लोगों, आर्किटेक्ट, इंजीनियरों और बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों पर पड़ रहा है। हालात यह हैं कि लोग प्लॉट की खरीद-बिक्री, मकान निर्माण और घर बनाने के लिए बैंक से लोन लेने जैसे जरूरी काम भी नहीं करवा पा रहे हैं।

1 सितंबर से प्रभावित है कामकाज

जानकारी के मुताबिक, 1 सितंबर से नक्शे और NOC पास करवाने की प्रक्रिया प्रभावित है। पुराने E-Naksha पोर्टल पर नई फाइलें अपलोड नहीं हो पा रही थीं। इसके बाद सरकार ने M-Sewa पोर्टल शुरू किया, लेकिन इस पर भी काम पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका।

यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'

बताया जा रहा है कि नए पोर्टल पर फाइलें अपलोड होकर बिल्डिंग इंस्पेक्टर तक पहुंच जाती हैं, लेकिन बिल्डिंग ब्रांच के सरकारी अधिकारियों की आईडी नहीं बनने के कारण फाइलों को आगे बढ़ाने और मंजूरी देने की प्रक्रिया अटकी हुई है।

इंजीनियर एंड बिल्डिंग डिजाइनर एसोसिएशन ने उठाया मुद्दा

इस समस्या को लेकर हाल ही में इंजीनियर एंड बिल्डिंग डिजाइनर एसोसिएशन की बैठक प्रधान इंजीनियर सुनील कत्याल की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में सदस्यों ने बताया कि नए पोर्टल की तकनीकी समस्याओं के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है। फाइलें जमा तो हो रही हैं, लेकिन उनकी मंजूरी नहीं मिल पा रही। इससे पेंडेंसी लगातार बढ़ रही है।

सरकार के रेवेन्यू पर भी पड़ रहा असर

नक्शे और NOC पास नहीं होने से नगर निगम और सरकार के राजस्व पर भी असर पड़ रहा है। वहीं, जिन लोगों ने मकान बनाने की योजना बनाई है, उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नक्शा पास और जरूरी NOC नहीं मिलने के कारण कई लोगों के लिए बैंक से होम लोन लेना भी मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री से जुड़े काम भी प्रभावित हो रहे हैं।

पुराना E-Naksha पोर्टल दोबारा शुरू करने की मांग

M-Sewa पोर्टल की लगातार तकनीकी समस्याओं को देखते हुए इंजीनियर एंड बिल्डिंग डिजाइनर एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि यदि नया पोर्टल पूरी तरह सुचारू नहीं हो पा रहा तो पुराने E-Naksha पोर्टल को दोबारा शुरू किया जाए।

एसोसिएशन का कहना है कि जल्द समाधान नहीं निकला तो लंबित फाइलों की संख्या और बढ़ सकती है। आने वाले दिनों में इस संबंध में फैसला लिए जाने की संभावना है।

बैठक में एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी इंजीनियर राजविंदर सिंह राजा, इंजीनियर रणजीत सिंह बेदी, इंजीनियर मनहर, इंजीनियर तरनजीत सिंह, इंजीनियर रजनीश और इंजीनियर जसपाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।