ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 13 November 2026

Jalandhar News: जालंधर में गरजे हरियाणा CM नायब सैनी, सरकार को घेरा; कांग्रेस पर भी लगाए आरोप

Jalandhar News: जालंधर में गरजे हरियाणा CM नायब सैनी, सरकार को घेरा; कांग्रेस पर भी लगाए आरोप

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरे भी लगातार बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को सीएम सैनी एक बार फिर जालंधर पहुंचे, जहां उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने पंजाब सरकार को घेरते हुए कहा कि यह आम आदमी की नहीं, बल्कि खास आदमी की सरकार है। पिछले पांच साल में आम लोगों की कोई सुनवाई नहीं हुई और सरकार ने केवल अपने करीबियों को मजबूत करने का काम किया है। सीएम नायब सिंह सैनी जालंधर में सहयोग वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।

AAP ने भ्रष्टाचार में शामिल विधायकों को दोबारा टिकट दिया: सैनी

शहर के एक निजी स्कूल में पहुंचने पर समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में उन्होंने लोगों को संबोधित किया और पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर अपनी बात रखी। पंजाब में आम आदमी पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव 2027 के लिए उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने उन्हीं विधायकों को दोबारा टिकट दिया है, जो भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। सैनी ने कहा कि जिन मौजूदा विधायकों ने पार्टी नेतृत्व की बात नहीं मानी, उनके टिकट काट दिए गए, जबकि भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को फिर से चुनाव मैदान में उतारा गया है। उन्होंने कहा कि खुद को कट्टर ईमानदार बताने वाली सरकार ने पंजाब को भ्रष्टाचार की दलदल में धकेल दिया है।

राहुल गांधी की 'जवानी बचाओ यात्रा' पर भी साधा निशाना

उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग आज डरे हुए हैं, लेकिन जिस दिन चुनाव आचार संहिता लागू होगी, उस दिन सरकार की असली स्थिति सामने आ जाएगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी की 'जवानी बचाओ यात्रा' और दूसरी पार्टियों को खत्म करने संबंधी बयानों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें पहले कांग्रेस के पुराने चुनावी घोषणापत्र को देखना चाहिए।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने पवित्र गुटका साहिब की शपथ लेकर पंजाब से नशा खत्म करने और हर घर में रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन कांग्रेस के शासनकाल में नशा और बेरोजगारी दोनों बढ़े। राहुल गांधी की कार्यशैली पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कोई उन्हें स्क्रिप्ट लिखकर दे देता है और वह आकर उसे पढ़ देते हैं।

चन्नी और भगवंत मान को लेकर क्या बोले नायब सैनी?

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर भी नायब सैनी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर चन्नी को डंपर पर चढ़कर अवैध खनन दिखाने की बात करते देखा है।

सैनी ने कहा कि चन्नी को अपने साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी उस डंपर में बैठा लेना चाहिए, क्योंकि अवैध खनन कांग्रेस के शासनकाल में भी बड़े स्तर पर हुआ और मौजूदा मान सरकार के समय भी हो रहा है।

विपक्षी दल चुटकुले सुनाकर जनता को कर रहे गुमराह: सैनी

सीएम नायब सिंह सैनी ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेता चुटकुले सुनाकर जनता को मूर्ख बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुटकुलों से लोगों का पेट नहीं भरता, जनता को विकास और काम चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि देश में विकास का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही संभव है।

पंजाब चुनाव 2027 से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल

पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। आम आदमी पार्टी की उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद विपक्षी दलों ने भी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लगातार पंजाब दौरों को भी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। जालंधर में उनके इस दौरे के दौरान AAP सरकार, कांग्रेस और पंजाब की राजनीतिक स्थिति पर दिए गए बयानों ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है।