Tuesday, 13 January 2026
जालंधर
Jalandhar News: जालंधर के डीसी का सख्त आदेश, 14 से 16 जनवरी तक इस पर लगाया प्रतिबंध
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जालंधर (Jalandhar) जिले की सीमा के भीतर किसी भी प्रकार के सिविल रिमोट/पायलट एयरक्राफ्ट सिस्टम, ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून या हेलीकॉप्टर उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, इस आदेश से माननीय राष्ट्रपति, भारत तथा अन्य वीवीआईपी के आधिकारिक हेलीकॉप्टर और विमान को छूट दी गई है। यह आदेश 14 जनवरी 2026 से 16 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा।
[caption id="attachment_99483" align="aligncenter" width="1200"]
President Droupadi Murmu ji[/caption]
राष्ट्रपति जालंधर के दौरे पर आ रहे हैं
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि 16 जनवरी 2026 को भारत के माननीय राष्ट्रपति जालंधर के दौरे पर आ रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियों की सिफारिश पर यह निर्णय लिया गया है, ताकि किसी भी तरह की सुरक्षा चूक या अप्रिय घटना को रोका जा सके। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहेंगी और जिले भर में कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें: जालंधर में सुपर क्रीमिका स्वीट्स और Zomato को लीगल नोटिस जारी
अतिरिक्त जिला मैजिस्ट्रेट अमनिंदर कौर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें ड्रोन या अन्य उड़ने वाले उपकरणों को जब्त करने के साथ-साथ संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है। आदेश का उद्देश्य जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखना है।

ड्रोन ऑपरेटरों से अपील
प्रशासन ने आम जनता, फोटोग्राफरों, मीडिया कर्मियों, विवाह आयोजकों और ड्रोन ऑपरेटरों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के उड़ने वाले उपकरणों का प्रयोग न करें। विशेष रूप से सोशल मीडिया के लिए वीडियो या फोटो बनाने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने यह भी कहा है कि आम नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। यह आदेश पूरी तरह एहतियाती और अस्थायी है, जिसे राष्ट्रपति के दौरे को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लागू किया गया है। प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का पालन कर वे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद करें।