Monday, 03 August 2026
जालंधर
Jalandhar News: जालंधर में पेट्रोल पंप पर डीजल को लेकर बवाल, ग्राहक ने लगाए गड़बड़ी के आरोप, मौके पर पहुंची पुलिस
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के 120 फुटी रोड स्थित इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। एक वाहन चालक ने आरोप लगाया कि 300 रुपये का डीजल भरवाने के बावजूद उसकी गाड़ी के फ्यूल इंडिकेटर और डीटीई (डिस्टेंस टू एम्प्टी) मीटर में कोई बदलाव नहीं दिखा।
पुलिस तक पहुंचा मामला
इस बात को लेकर उसकी पंप कर्मचारियों से बहस हो गई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। शिकायतकर्ता अनुज के मुताबिक, डीजल भरवाने के कुछ समय बाद ही वाहन में ईंधन की कमी के संकेत मिलने लगे। इसके बाद वह दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचा और अपनी शिकायत दर्ज कराई।
उसका कहना है कि कर्मचारियों ने दोबारा डीजल डालने की बात कही, लेकिन इसके बावजूद गाड़ी के मीटर में कोई अंतर नजर नहीं आया। अनुज ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद महिला मैनेजर उनसे मिलने बाहर नहीं आईं और बातचीत के दौरान उनके साथ ठीक व्यवहार नहीं किया गया।
अन्य ग्राहकों ने भी किया दावा
घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ अन्य ग्राहकों ने भी दावा किया कि इस पेट्रोल पंप को लेकर पहले भी इसी तरह की शिकायतें सामने आती रही हैं। उनका कहना था कि कई बार ईंधन भरने से पहले मीटर को रीसेट किए बिना ही फ्यूल भरना शुरू कर दिया जाता है।
विवाद बढ़ने पर अनुज ने अपने परिजनों और क्षेत्र के पार्षद को मौके पर बुलाया। आरोप है कि उनके साथ भी कर्मचारियों का व्यवहार संतोषजनक नहीं रहा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
माहौल तनावपूर्ण
सूचना मिलते ही डिवीजन नंबर-5 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी। इस दौरान अनुज के परिवार की कुछ महिलाएं भी पेट्रोल पंप पहुंच गईं और मैनेजर से जवाब मांगने लगीं, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को शांत कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।