जालंधर में चलती कार बनी आग का गोला, पंचायत मेंबर धुएं से हुआ बेहोश: दूसरे ने कूदकर बचाई जान, फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
By Muskan Sidhu
•
28 Nov 2026, 12:28 PM
जालंधर: पंजाब के जालंधर में फिल्लौर-अट्टी रोड पर देर रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे के दौरान कार में पंचायत सेक्रेटरी सुरजीत सिंह और मठड्डे कलां का एक पंचायती मेंबर सवार थे। कार से धुआं उठने के कारण पंचायत मेंबर बेहोश हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद लोगों ने बेहोश व्यक्ति को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
चलती कार से उठने लगा धुआं, एक व्यक्ति हुआ बेहोश
जानकारी के मुताबिक, कार फिल्लौर से अट्टी बड़ा गांव की तरफ जा रही थी। इसी दौरान अचानक कार से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते कार में आग लग गई। धुएं की चपेट में आने से कार में सवार पंचायती मेंबर बेहोश हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना के पास ही पेट्रोल पंप होने के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
लोगों ने बेहोश व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। बेहोश पंचायत मेंबर को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने दोनों कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
पंचायत सेक्रेटरी के नाम पर रजिस्टर्ड थी कार
पुलिस की शुरुआती पड़ताल में कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की गई। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कार पंचायत सेक्रेटरी सुरजीत सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है।
बताया जा रहा है कि कार अमृतसर नंबर सीरीज की थी और उसके ऊपरी हिस्से में सनरूफ लगा हुआ था। इससे कार लग्जरी श्रेणी की प्रतीत हो रही थी। हालांकि, कार की कंपनी की पहचान नहीं हो पाई है।
आसपास के गांवों के सरपंच भी पहुंचे मौके पर
गांव शाहपुर के सरपंच डॉ. अश्वनी कुमार शाहपुरी ने बताया कि गांव के युवकों से घटना की जानकारी मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी।
सरपंच के मुताबिक, सूचना मिलने के करीब 10 से 15 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंच गई थी। उनसे पहले गांव अट्टी के निवासी जसविंदर भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने भी प्रशासन को घटना की जानकारी दी थी।
फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे में कार पूरी तरह जल गई, लेकिन दोनों सवारों की जान बच गई।