Monday, 21 September 2026
पंजाब
Firing in Jalandhar: जालंधर में नाके पर पुलिस टीम पर फायरिंग, बाल-बाल बचे SI; 3 बदमाश गिरफ्तार
डेली संवाद, जालंधर। Firing in Jalandhar: जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अब तक 5 अवैध पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मणी शोकर, दिलप्रीत सिंह और मेहर सिंह उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से बरामद हथियारों में ऑस्ट्रिया निर्मित ग्लॉक, रोमानिया निर्मित TT-C, जर्मनी निर्मित वाल्थर पिस्तौल समेत अन्य पिस्तौल शामिल हैं।
जंडियाला मोड़ पर पुलिस ने लगाया था नाका
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को थाना सदर के अधीन पुलिस चौकी जंडियाला के प्रभारी SI नरेंद्र मोहन पुलिस टीम के साथ जंडियाला मोड़ पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान जंडियाला मोड़ की तरफ से एक महिंद्रा स्कॉर्पियो (PB-08-GB-1101) आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर ड्राइवर और उसके साथ बैठे व्यक्ति से पहचान पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस मांगा।
अचानक पिस्तौल निकालकर पुलिस पर फायरिंग की कोशिश
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान स्कॉर्पियो में बैठे व्यक्ति ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर SI नरेंद्र मोहन पर फायरिंग करने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
SI नरेंद्र मोहन ने तुरंत आरोपी का हाथ पकड़कर उसे दूसरी तरफ धकेल दिया। इसी दौरान चली दो गोलियां पास के ढाबे की दीवार में जा लगीं। पुलिस टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।
मौके से ग्लॉक पिस्तौल और 3 कारतूस बरामद
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मणी शोकर, निवासी गांव अट्टी बाजा, फिल्लौर, जालंधर के रूप में हुई। वहीं स्कॉर्पियो चला रहे व्यक्ति की पहचान दिलप्रीत सिंह, निवासी गांव धर्म सिंह वाला, मोगा के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से फायरिंग में इस्तेमाल की गई ग्लॉक पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए।
पूछताछ में 4 और पिस्तौल बरामद
पुलिस के अनुसार, मनप्रीत सिंह से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर 4 अन्य पिस्तौल और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस तरह अब तक मामले में कुल 5 पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद हो चुके हैं।
इस संबंध में थाना सदर, कमिश्नरेट जालंधर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27-54-59 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए 20 सितंबर 2026 को तीसरे आरोपी मेहर सिंह उर्फ प्रिंस, निवासी न्यू आजाद नगर, लुधियाना को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनके पास इतनी संख्या में अवैध हथियार कहां से आए और इनका इस्तेमाल किन वारदातों में किया जाना था।
जालंधर पुलिस का विशेष अभियान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कमिश्नरेट पुलिस द्वारा पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के निर्देश पर असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
यह कार्रवाई DCP City आदित्य एस. वारियर, ADCP City-2 माधवी शर्मा और ACP Sub-Division-5 Cantt कुलविंदर सिंह विर्क के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और हथियारों से जुड़े अन्य संभावित लिंक की भी जांच की जा रही है।