ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 23 March 2026

Jalandhar News: जालंधर में फर्जी नाका लगाकर लोगों से वसूली, हुआ बड़ा खुलासा

Jalandhar News: जालंधर में फर्जी नाका लगाकर लोगों से वसूली, हुआ बड़ा खुलासा
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के नकोदर रोड पर फर्जी नाका लगाकर लोगों से अवैध वसूली करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंजाब आर्म्ड पुलिस (PAP) के एक कर्मचारी को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसके बाद मौके पर भारी हंगामा हो गया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर थाना लांबड़ा की पुलिस (Police) मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आरोपी सिविल वर्दी में अपने एक साथी के साथ सड़क पर नाका लगाकर वाहनों को रोक रहा था। वह राहगीरों से दस्तावेजों की जांच के नाम पर पैसे मांग रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी लोगों को डराकर उनसे नकदी वसूल रहा था। जब लोगों को उस पर शक हुआ तो उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया। इसी दौरान आरोपी का एक साथी मौके से कार में फरार होने में कामयाब हो गया।

छोड़ने के बदले 700 रुपये की मांग की

घटना के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि आरोपी ने उसे रोककर उसकी तलाशी ली और दस्तावेज चेक किए। इसके बाद उसे छोड़ने के बदले 700 रुपये की मांग की गई। पीड़ित के विरोध करने पर आरोपी ने पुलिस का रौब दिखाने की कोशिश की। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक निहंग सिंह को भी आरोपी ने रुकने का इशारा किया, जिससे मामला और गर्मा गया।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

निहंग सिंह ने बताया कि उनके पास सभी वैध दस्तावेज मौजूद थे, फिर भी आरोपी उन्हें परेशान करने लगा। शक होने पर उन्होंने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की और पुलिस को बुलाने की बात कही। यह सुनते ही आरोपी घबरा गया और उसकी बातों में विरोधाभास सामने आने लगा। निहंग सिंह की सतर्कता के कारण आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और फर्जी नाके का पर्दाफाश हो गया। [caption id="attachment_100052" align="aligncenter" width="1200"] fight fight[/caption]

लोगों ने की पिटाई

जैसे ही लोगों को पूरे मामले की सच्चाई पता चली, भीड़ आक्रोशित हो गई और आरोपी की मौके पर ही पिटाई कर दी। आरोपी काफी देर तक अपना चेहरा छिपाता रहा और खुद को बचाने के लिए अलग-अलग कहानियां बनाता रहा। सूचना मिलने पर थाना लांबड़ा की पुलिस टीम सरकारी वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाएं विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उल्लेखनीय है कि जालंधर में इससे पहले भी फर्जी नाके लगाकर वसूली के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।