ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 19 May 2026

Jalandhar News: जालंधर में श्री गुटका साहिब की बेअदबी, इलाके में तनाव, सिख संगत और निहंग सिंहों ने किया प्रदर्शन

Jalandhar News: जालंधर में श्री गुटका साहिब की बेअदबी, इलाके में तनाव, सिख संगत और निहंग सिंहों ने किया प्रदर्शन
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर शहर के राजा गार्डन इलाके में श्री गुटका साहिब की बेअदबी का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही सिख संगत, निहंग सिंह जत्थेबंदियां और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों में घटना को लेकर भारी रोष देखने को मिला और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया गया। जानकारी के अनुसार यह घटना जालंधर (Jalandhar) के बस्ती बावा खेल के इलाके में सोमवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों और चश्मदीदों के मुताबिक राजा गार्डन इलाके में श्री गुटका साहिब के अंग (पन्ने) बिखरे हुए मिले, जो मिट्टी में सने हुए थे। घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई।

भाईचारा बिगाड़ने की कोशिश

लोगों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर माहौल खराब करने और आपसी भाईचारा बिगाड़ने की नीयत से इस घटना को अंजाम दिया है। मामले की सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस और पीसीआर टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत कराया और धार्मिक सामग्री को पूरे सम्मान के साथ कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे निहंग सिंहों ने इस मामले पर कड़ा रोष जताया। उन्होंने कहा कि पंजाब में लगातार बेअदबी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हो रही।

धर्म का अपमान सहन नहीं

निहंग सिंहों ने चेतावनी देते हुए कहा कि धर्म के अपमान को किसी भी हालत में सहन नहीं किया जाएगा और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। वहीं सिख जत्थेबंदियों और लकी खालसा समेत अन्य नौजवान संगठनों ने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस अफसरों के मुताबिक इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।