ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 08 August 2026

Jalandhar News: जालंधर में दर्दनाक हादसा, कार सवार 3 युवकों की मौके पर मौत

Jalandhar News: जालंधर में दर्दनाक हादसा, कार सवार 3 युवकों की मौके पर मौत

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मकसूदां क्षेत्र में भगत सिंह कॉलोनी के पास हाईवे पर करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही स्विफ्ट कार सड़क पर खड़े कैंटर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब छह बजे हुआ। स्विफ्ट कार जालंधर से अमृतसर की ओर जा रही थी। इसी दौरान मकसूदां स्थित बल अस्पताल के पास हाईवे पर खड़े कैंटर से कार की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार की छत अलग हो गई, नंबर प्लेट दूर जा गिरी और एयरबैग भी खुल गए।

कैंटर से टक्कर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे दो युवकों के शव बाहर निकाले गए, जबकि तीसरे युवक का शव सड़क पर पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि तीसरा युवक कार की पिछली सीट पर बैठा हुआ था और टक्कर के दौरान बाहर जा गिरा।

थाना प्रभारी (SHO) राकेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैंटर हाईवे पर खड़ा था, जिससे तेज रफ्तार कार सीधे जा टकराई। पुलिस को आशंका है कि कैंटर चालक रास्ता भटक गया था या फिर वाहन को सड़क पर खड़ा कर मौके से चला गया। हादसे के बाद कैंटर चालक फरार है।

मृतकों की पहचान नहीं

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस को परिजनों का संबंध लम्मे पिंड और रंधावा क्षेत्र से होने की जानकारी मिली है, जिनसे संपर्क किया जा रहा है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही कैंटर के नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।