ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 17 August 2026

Jalandhar News: जालंधर में बेखौफ बदमाशों का आतंक, अस्पताल के बाहर कार में की तोड़फोड़

Jalandhar News: जालंधर में बेखौफ बदमाशों का आतंक, अस्पताल के बाहर कार में की तोड़फोड़

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर (Jalandhar) के लाडोवाली रोड स्थित सागर अस्पताल के बाहर कार में तोड़फोड़ और चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है।

अस्पताल में भर्ती पिता का हाल जानने पहुंचे परिवार की पार्क की गई कार को अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोप है कि पहले कार से चोरी करने की कोशिश की गई और असफल रहने पर बदमाशों ने ईंटें मारकर कार के शीशे तोड़ दिए।

पिता का इलाज कराने अस्पताल पहुंचा था परिवार

सूर्य एन्क्लेव निवासी अर्चित ने बताया कि उनके पिता UTI की समस्या के चलते सागर अस्पताल में भर्ती हैं। रविवार रात करीब 9:40 बजे वह अपनी मां के साथ अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल की पार्किंग में जगह नहीं होने के कारण उन्होंने अपनी कार PB 08 CH 0194 पास की गली में खड़ी कर दी थी।

अर्चित के मुताबिक, कुछ देर बाद अज्ञात नकाबपोश युवकों ने उनकी कार को निशाना बनाया। जब परिवार करीब दो घंटे बाद अस्पताल से बाहर आया तो कार की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। कार के शीशे टूटे हुए थे और अंदर ईंटें पड़ी थीं।

चोरी में नाकाम रहे तो कार पर बरसाईं ईंटें

पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाशों ने पहले कार का दरवाजा खोलकर अंदर से सामान चोरी करने की कोशिश की। हालांकि कार के अंदर दो चादरों के अलावा कोई कीमती सामान नहीं मिला। चोरी में नाकाम रहने के बाद बदमाशों ने कथित तौर पर गुस्से में कार पर ईंटें बरसानी शुरू कर दीं और शीशे तोड़कर मौके से फरार हो गए।

पास स्थित केआर कांटा पर मौजूद एक बच्चे ने भी बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों को वहां आने की बात बताई है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

बढ़ती वारदातों से लोग चिंतित

पीड़ित अर्चित ने कहा कि आम लोग मेहनत की कमाई से वाहन और सामान खरीदते हैं, लेकिन शहर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के कारण लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित परिवार ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद PCR टीम मौके पर पहुंची और परिवार के बयान दर्ज किए।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाली जा रही

पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस घटना को लेकर इलाके में चिंता का माहौल है। अस्पताल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और रात के समय वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।