Tuesday, 22 September 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर के सत्यम अस्पताल में 7 वर्षीय बच्चे की मौत, परिजनों ने डाक्टरों पर लगाए गंभीर आरोप, जमकर हंगामा
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: कपूरथला चौक के पास स्थित सत्यम अस्पताल (Satyam Hospital Jalandhar) में 7 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद सोमवार देर रात तनावपूर्ण माहौल बन गया। परिवार वालों ने अस्पताल के डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया।
बच्चे की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर इंसाफ की मांग को लेकर धरना दिया। सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जांच शुरू की।
छत से गिरने के बाद अस्पताल में कराया था भर्ती
जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चे की पहचान कार्तिक के रूप में हुई है। बच्चा सोमवार को छत से गिरकर घायल हो गया था। सिर में चोट लगने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए सत्यम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती किया गया।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान उनसे अलग-अलग खर्चों के नाम पर पैसे जमा करवाए जाते रहे, लेकिन बच्चे की गंभीर हालत के बारे में उन्हें समय रहते स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

बच्चे से मिलने नहीं दिया, परिजनों ने लगाए आरोप
परिवार का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती बच्चे से उन्हें काफी देर तक मिलने नहीं दिया गया। परिजन बच्चे को देखने के लिए स्टाफ से लगातार आग्रह करते रहे, लेकिन उन्हें अलग-अलग समय बताकर इंतजार करवाया जाता रहा।
इसी बीच परिवार को किसी अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने बच्चे के बारे में जानकारी लेने के लिए अंदर जाने का प्रयास किया। परिजनों के अनुसार, अस्पताल की सुरक्षा में तैनात बाउंसरों और गार्ड्स ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
इस दौरान कथित तौर पर धक्का-मुक्की भी हुई। बच्चे के चाचा के किसी तरह अंदर पहुंचने के बाद परिवार को उसकी मौत की जानकारी मिली।
पिता का आरोप- पहले पता चलता तो दूसरे अस्पताल ले जाते
मृतक के पिता शमशेर ने आरोप लगाया कि अगर परिवार को बच्चे की गंभीर हालत के बारे में पहले ही जानकारी दे दी जाती तो वे उसे किसी अन्य अस्पताल में ले जाने का फैसला कर सकते थे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर बच्चे की मौत की जानकारी परिजनों से छिपाने और इलाज के नाम पर पैसे लेते रहने के आरोप लगाए हैं।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम
परिजनों के मुताबिक, कार्तिक परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और इंसाफ की मांग कर रहे हैं।
बताया गया है कि मृतक बच्चे के पिता राज मिस्त्री का काम करते हैं और करीब एक महीने पहले काम के दौरान छत से गिरने से उनके पैर में फ्रैक्चर भी हुआ था।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हंगामे की सूचना 112 के जरिए पुलिस को दी गई। इसके बाद थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में मौजूद दोनों पक्षों से बातचीत की। थाना प्रभारी अनु के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मृतक कार्तिक के शव को थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस सिविल अस्पताल लेकर गई है। बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों और इलाज के दौरान किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।