ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 16 November 2026

Jalandhar News: जालंधर में पराली की गांठों में भड़की आग, कारोबारी का डेढ़ करोड़ का माल स्वाहा

Jalandhar News: जालंधर में पराली की गांठों में भड़की आग, कारोबारी का डेढ़ करोड़ का माल स्वाहा

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर जिले के शाहकोट में रविवार देर रात पराली की गांठों में भीषण आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। आग की चपेट में आने से मुक्तसर के एक पराली कारोबारी का करीब डेढ़ करोड़ रुपये का माल जलकर राख हो गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि उसे काबू करने के लिए दूसरे शहरों से दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। हैरानी की बात यह है कि शाहकोट की अपनी फायर ब्रिगेड की गाड़ी पिछले करीब एक साल से खराब पड़ी है। इस वजह से आग बुझाने के काम में देरी हुई।

बत्रा कोल्ड स्टोर के पास रखी थीं पराली की गांठें

जानकारी के अनुसार, मुक्तसर की एक पार्टी ने शाहकोट में बत्रा कोल्ड स्टोर के पास जमीन ठेके पर लेकर वहां पराली की गांठें रखी हुई थीं। रविवार देर रात अचानक इन गांठों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बड़ी संख्या में पराली की गांठें इसकी चपेट में आ गईं।

आग की लपटें देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। गांव जाफरवाल के सरपंच हरदीप सिंह चंदी ने भी संबंधित अधिकारियों को फोन कर घटना की जानकारी दी।

एक साल से खराब फायर ब्रिगेड, दूसरे शहरों से बुलानी पड़ी गाड़ियां

शाहकोट में आग बुझाने के लिए स्थानीय फायर ब्रिगेड की गाड़ी उपलब्ध नहीं हो सकी, क्योंकि यह पिछले करीब एक साल से खराब पड़ी है। ऐसे में प्रशासन को नकोदर, जालंधर और सुल्तानपुर लोधी से दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

सूचना मिलने पर मॉडल थाना शाहकोट के एएसआई अमनदीप सिंह घुम्मन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर करीब 80 प्रतिशत तक काबू पाया।

डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान, शरारती तत्वों पर आग लगाने का शक

इस घटना में मुक्तसर के पराली कारोबारी का करीब डेढ़ करोड़ रुपये का माल जलकर राख हो गया। गांव जाफरवाल के सरपंच हरदीप सिंह चंदी ने आशंका जताई कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर पराली की गांठों में आग लगाई हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

सरपंच ने प्रशासनिक व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सूचना देने के काफी समय बाद तक कोई बड़ा अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने शाहकोट में फायर ब्रिगेड की गाड़ी लंबे समय से खराब होने पर भी सवाल उठाए।

मालिक के बयान के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, पराली का मालिक मुक्तसर का रहने वाला है। फिलहाल उसका संपर्क नंबर उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण उससे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मालिक के मौके पर पहुंचने और बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आग लगने के कारणों की भी जांच की जाएगी।

इस घटना ने शाहकोट में दमकल सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के लिए भी यह चिंता का विषय है कि आपातकालीन स्थिति में स्थानीय फायर ब्रिगेड की गाड़ी उपलब्ध न होने से कितना बड़ा नुकसान हो सकता है।