ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 31 October 2026

Jalandhar News: जालंधर में टेंट हाउस के गोदाम में भीषण अग्निकांड, लाखों का सामान जलकर खाक; साजिश का शक

Jalandhar News: जालंधर में टेंट हाउस के गोदाम में भीषण अग्निकांड, लाखों का सामान जलकर खाक; साजिश का शक

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर जिले में शाहकोट के नजदीकी गांव नंगल अंबियां में बीती रात एक टेंट हाउस के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। टेंट हाउस मालिक के मुताबिक, आग से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, उन्होंने किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर आग लगाने की आशंका जताई है।

एक महीने पहले ही तैयार करवाया था नया गोदाम

जानकारी के अनुसार, गांव नंगल अंबियां निवासी रंजीत कुमार बिल्ला 'बिल्ला टेंट एंड साउंड सर्विस' के नाम से कारोबार करते हैं। उन्होंने करीब एक महीने पहले ही अपना नया गोदाम तैयार करवाया था। बीती रात करीब 12 बजे अचानक गोदाम से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।

ग्रामीणों ने बुझाने का किया प्रयास, नकोदर से पहुंची फायर ब्रिगेड

गोदाम में आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद नकोदर से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'

दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा ज्यादातर सामान पूरी तरह जल चुका था। आग के कारण गोदाम का शेड भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

1300 कुर्सियां, कूलर, पंखे और टेंट का सामान राख

टेंट हाउस मालिक रंजीत कुमार बिल्ला ने बताया कि गोदाम में करीब 1300 कुर्सियां, मेज, 10 कूलर, पंखे, टेंट का सामान, पीटर रेहड़ा और कारोबार से जुड़ा अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था।

उन्होंने बताया कि गोदाम में प्लास्टिक और कपड़े का सामान अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग इतनी भयानक थी कि सामान को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे में उनका करीब 20 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

टेंट हाउस मालिक को किसी की रंजिश का शक

रंजीत कुमार बिल्ला ने आशंका जताई है कि किसी शरारती तत्व ने रंजिश के चलते जानबूझकर गोदाम में आग लगाई है। उन्होंने बताया कि नया गोदाम तैयार करने में काफी पैसा खर्च किया था, लेकिन कुछ ही दिनों में उनकी मेहनत और जमा पूंजी आग की भेंट चढ़ गई।

पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, आग लगने के कारणों का पता लगाने और हुए आर्थिक नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।