Thursday, 24 September 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर के श्रीराम अस्पताल में भारी हंगामा, TB पीड़ित 18 वर्षीय युवती के परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar Shriram Hospital Controversy News: शहर के श्रीराम अस्पताल में टीबी से पीड़ित 18 वर्षीय युवती के परिजनों और अस्पताल प्रशासन के बीच भारी हंगामा होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर भारी-भरकम बिल मांगने, मरीज से मिलने नहीं देने और बदसलूकी करने के आरोप लगाए हैं।
हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित युवती की मां सबीना के मुताबिक, उनकी 18 वर्षीय बेटी प्रीति टीबी की बीमारी से पीड़ित है। करीब चार दिन पहले वे बेटी को इलाज और रूटीन चेकअप के लिए सिविल अस्पताल लेकर गई थीं।
श्रीराम अस्पताल के डाक्टर पर आरोप
मां का आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल में बेहतर इलाज का भरोसा देकर श्रीराम अस्पताल भेज दिया। सबीना का कहना है कि उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों को पहले ही बता दिया था कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और वे निजी अस्पताल का भारी खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं। इसके बावजूद उनकी बेटी को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।
चार दिन में करीब 46 हजार रुपये का बिल
परिजनों के अनुसार, अस्पताल में करीब चार दिन के इलाज के बाद लगभग 46 हजार रुपये का बिल बना दिया गया। परिवार ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए मरीज को डिस्चार्ज करने की मांग की।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
मां का आरोप है कि पैसे जमा करने में असमर्थता जताने के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी और गाली-गलौज की। परिजनों का यह भी आरोप है कि उन्हें धक्का देकर अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया।
बेटी से मिलने नहीं देने का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में भर्ती युवती से उन्हें पिछले कुछ समय से मिलने नहीं दिया जा रहा है। मां का कहना है कि उन्हें अपनी बेटी की तबीयत के बारे में भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही, जिसके कारण परिवार की चिंता बढ़ गई है।
परिजनों ने आशंका जताई है कि अस्पताल के अंदर उनकी बेटी की तबीयत गंभीर हो सकती है। हालांकि, मरीज की वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति और अस्पताल प्रशासन का पक्ष इस समय स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया है।
112 पर दी सूचना, पुलिस पहुंची अस्पताल
मामले को लेकर हंगामा बढ़ने के बाद परिजनों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अस्पताल प्रबंधन तथा परिजनों से जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच और अस्पताल प्रशासन का पक्ष सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।