Monday, 25 May 2026
जालंधर
Jalandhar News: जालंधर के तहसील दफ्तर में वकील के साथ धक्कामुक्की, ई-रजिस्ट्री में जबरन फोटो खींचने पर विवाद
डेली संवाद, जालंधर।
Jalandhar News: जालंधर तहसील कार्यालय में ई-रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान कथित तौर पर नियमों को ताक पर रखकर जबरन फोटो खींचने का विरोध करना एक वकील को भारी पड़ गया। इस मामले में एडवोकेट रविंदर मनूजा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के अंदर सक्रिय एक कथित ठेकेदार और उसके साथियों ने उनके साथ बदसलूकी की, गाली-गलौज की और मारपीट करने की कोशिश की। घटना के बाद अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
जालंधर
(Jalandhar)
के पीड़ित एडवोकेट रविंदर मनूजा के अनुसार, वह बैंक की एमओडीटी (MODT) रजिस्टर करवाने के सिलसिले में तहसील कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि कुछ अज्ञात लोग सब-रजिस्ट्रार के केबिन के अंदर मौजूद लोगों की जबरन ग्रुप फोटो खींच रहे हैं। मनूजा का कहना है कि ई-रजिस्ट्री व्यवस्था लागू होने के बाद से पोर्टल या विभागीय नियमों में ऐसी किसी भी ग्रुप फोटोग्राफी का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह प्रक्रिया अनिवार्य होती तो पोर्टल स्वयं फोटो अपलोड करने की मांग करता।
डीसी ऑफिस से जुड़ा ठेकेदार
एडवोकेट मनूजा ने जब इस प्रक्रिया पर आपत्ति जताई तो उन्होंने सीधे तहसीलदार से संपर्क कर इस संबंध में जानकारी मांगी। उनका कहना है कि तहसीलदार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विभाग की ओर से ऐसी किसी भी ग्रुप फोटो की कोई आवश्यकता नहीं है। तहसीलदार ने यह भी बताया कि फोटो खींचने वाला व्यक्ति खुद को डीसी ऑफिस से जुड़ा ठेकेदार बताता है, लेकिन विभाग को इस तरह की किसी गतिविधि की जरूरत नहीं है। एडवोकेट मनूजा के मुताबिक-तहसीलदार से बातचीत के बाद जब उन्होंने फोटो खिंचवाने से इनकार किया और कार्यालय से बाहर निकले, तो पहले से मौजूद 11-12 लोगों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और माहौल तनावपूर्ण बना दिया। पीड़ित वकील का दावा है कि उक्त लोग लंबे समय से सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के आसपास सक्रिय हैं और कार्यालय को अपने प्रभाव में लेकर काम कर रहे हैं।