Sunday, 23 August 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर में अवैध संबंधों का विरोध करने पर महिला को पिलाया हार्पिक, मौत; पति-सास पर FIR
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के करतारपुर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि अवैध संबंधों का विरोध करने पर एक महिला को उसके पति और सास ने कथित तौर पर जबरन टॉयलेट साफ करने वाला हार्पिक पिला दिया।
जहरीला पदार्थ पीने के बाद महिला की हालत गंभीर हो गई और उसे इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने के लिए उसे वेंटिलेटर पर रखा, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने बयान
मृतका की पहचान नेहा के रूप में हुई है। मौत से पहले नेहा ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि वह बोलने की स्थिति में नहीं थी, इसलिए उसने लिखकर अपना बयान दिया।
पुलिस ने इसी बयान के आधार पर आरोपी पति और सास के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
7 साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, संगरूर के धूरी की रहने वाली नेहा की शादी करीब 7 साल पहले करतारपुर निवासी उमंग बस्सी के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों की एक बेटी हुई, जिसकी उम्र करीब 6 साल है।
नेहा अपने पति उमंग बस्सी, सास कुसुम बस्सी और बेटी के साथ करतारपुर में रहती थी। परिजनों के मुताबिक, शादी के शुरुआती वर्षों में दोनों की जिंदगी सामान्य चल रही थी। बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा।
लड़की से संबंध का आरोप
पुलिस को दिए अपने बयान में नेहा ने आरोप लगाया कि उसके पति उमंग बस्सी के सतनाम कौर नाम की एक लड़की से कथित अवैध संबंध थे। जब नेहा को इस बारे में पता चला तो उसने इसका विरोध किया।
इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा। नेहा के मुताबिक, छोटी-छोटी बातों को लेकर भी पति उससे झगड़ा करता था और घर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।
19 अगस्त को हुआ विवाद
मजिस्ट्रेट के सामने दिए बयान के अनुसार, 19 अगस्त को एक बार फिर पति-पत्नी के बीच कथित अवैध संबंधों को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद पति उमंग बस्सी और सास कुसुम बस्सी ने मिलकर नेहा को जबरन टॉयलेट साफ करने वाला हार्पिक पिला दिया।
हार्पिक पीने के बाद नेहा की हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर पर रखा, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
24 घंटे बाद मिली घटना की जानकारी
नेहा के भाई अमरीश कुमार ने आरोप लगाया कि मायके परिवार को घटना की जानकारी करीब 24 घंटे बाद दी गई। उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का भी आरोप लगाया।
भाई के मुताबिक, आरोपी पति शुक्रवार सुबह तक अस्पताल में ही मौजूद था। बाद में वह अपनी मां और 6 साल की बच्ची को लेकर अस्पताल से चला गया। परिवार अब पति और सास की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।
मजिस्ट्रेट के बयान के आधार पर केस दर्ज
करतारपुर पुलिस ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज नेहा के बयान के आधार पर 21 अगस्त को BNS की धारा 123, 109 और 85 के तहत उमंग बस्सी और कुसुम बस्सी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को हिरासत में लेने के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और मामले में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में मातम का माहौल
नेहा की मौत के बाद उसके मायके परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों ने पुलिस और प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
नोट: खबर में लगाए गए आरोप पुलिस केस और मृतका के कथित मजिस्ट्रेट बयान पर आधारित हैं। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक जांच/अदालती प्रक्रिया के बाद होगी।