ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 29 August 2026

Punjab News: पंजाब में IDBI बैंक की शाखा में लगी भयानक आग, लाखों का नुकसान

Punjab News: पंजाब में IDBI बैंक की शाखा में लगी भयानक आग, लाखों का नुकसान

डेली संवाद, कपूरथला। Punjab News: पंजाब के जिला कपूरथला के रेलवे स्टेशन रोड स्थित IDBI बैंक की शाखा में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बैंक से धुआं उठता देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

मिली जानकारी के मुताबिक कपूरथला के रेलवे स्टेशन रोड स्थित IDBI बैंक की शाखा में शनिवार सुबह आग लग गई। जानकारी मिलते ही फायर अधिकारी गुरप्रीत सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के सही कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

बैंक परिसर का निरीक्षण

आग बुझने के बाद बैंक परिसर का निरीक्षण किया गया। शुरुआती आकलन के मुताबिक आग से बैंक में रखे जरूरी दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। बैंक प्रबंधन ने नुकसान की कीमत लाखों रुपये में होने का अनुमान जताया है।

लॉकर क्षेत्र को नहीं पहुंचा नुकसान

आगजनी की इस घटना में राहत की बात यह रही कि बैंक का लॉकर क्षेत्र सुरक्षित रहा। आग वहां तक नहीं पहुंची और लॉकर में रखे ग्राहकों के कीमती सामान को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।

फिलहाल संबंधित विभाग आग लगने के कारणों और बैंक में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन करने में जुटे हैं।