Thursday, 13 August 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब में मंदिर के बाहर महिला से चप्पल से मारपीट, गोद में था बच्चा; वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
डेली संवाद, कपूरथला। Punjab News: पंजाब के कपूरथला स्थित ऐतिहासिक माता श्री भद्रकाली मंदिर के बाहर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला उस समय अपने बच्चे के साथ मंदिर के बाहर बैठी थी।
इसी दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर चप्पल से उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
बताया जा रहा है कि वीडियो में एक व्यक्ति महिला पर चप्पल से हमला करता दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर महिला को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी ने महिला पर पैर से भी हमला किया।
वीडियो सामने आने के बाद महिला आयोग और ह्यूमन राइट्स कोर कमेटी की ओर से कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की।
बाइक से छेड़छाड़ के बाद विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी की मंदिर के सामने ही दुकान है। बताया जा रहा है कि महिला के साथ बैठे बच्चों ने आरोपी की बाइक के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की थी।
इसी बात को लेकर आरोपी गुस्से में आ गया और उसने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। हालांकि, पुलिस जांच में घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि की जा रही है।
तलाश में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच के दौरान वीडियो में मारपीट करने वाले व्यक्ति की पहचान विकास शर्मा, पुत्र पवन कुमार, निवासी शेखपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मंदिर के सामने दुकान करता है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।