ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 02 October 2026

LPU News: LPU हिंसा के दौरान फाइटर जेट पर चढ़ा युवक गिरफ्तार, CCTV से हुई पहचान; पिता हैं DC ऑफिस में अधिकारी

LPU News: LPU हिंसा के दौरान फाइटर जेट पर चढ़ा युवक गिरफ्तार, CCTV से हुई पहचान; पिता हैं DC ऑफिस में अधिकारी

डेली संवाद, फगवाड़ा। LPU News: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुई हिंसा के दौरान परिसर के बाहर स्थापित मिग-23UM फाइटर जेट पर चढ़ने वाले युवक की पहचान पुलिस ने कर ली है। CCTV फुटेज की मदद से पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी नाबालिग और LPU का छात्र है। हिंसा के दौरान फाइटर जेट पर खड़े इस युवक की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी। तस्वीर में युवक फाइटर जेट के ऊपर खड़ा दिखाई दे रहा था, जबकि पीछे आग की लपटें नजर आ रही थीं। सोशल मीडिया पर यह तस्वीर काफी चर्चा में रही।

CCTV से पुलिस ने ऐसे की आरोपी की पहचान

पुलिस के अनुसार, फाइटर जेट पर चढ़े युवक की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाली गई। यूनिवर्सिटी के प्रवेश द्वार के पास लगे कैमरों में युवक की तस्वीर मिलने के बाद पुलिस ने यूनिवर्सिटी के रिकॉर्ड से उसका मिलान किया। जांच में सामने आया कि वह LPU का छात्र है और B.Tech Electrical and Electronics Engineering की पढ़ाई कर रहा है।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

इसके बाद पुलिस टीम ने हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित उसके घर पर छापेमारी की, जहां वह मौजूद मिला। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी वायरल तस्वीर को मोबाइल वॉलपेपर तक बना रखा था। उसके पास से MacBook M5 और iPhone 14 Pro भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उसे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में गिरफ्तार किया है।

LPU चांसलर अशोक मित्तल ने जताई नाराजगी

LPU के चांसलर और BJP राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने फाइटर जेट पर चढ़ने की घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी परिसर के बाहर मिग-23 और 1971 की जंग में इस्तेमाल किया गया टैंक लगाया गया है।

उनके मुताबिक, इनका उद्देश्य देश की सेनाओं के प्रति सम्मान और युवाओं में प्रेरणा पैदा करना है। उन्होंने कहा कि इन सैन्य स्मारकों के ऊपर चढ़ना उनका अपमान है।

Influencer Mohammad Farhat involved in LPU Protest

LPU हिंसा मामले में अब तक 5 गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार LPU हिंसा मामले में अब तक चार मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें हाईवे जाम करने, पुलिस वाहन जलाने और यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ से जुड़े मामले शामिल हैं। इन मामलों में अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें LPU के छात्र और दो पिज्जा डिलीवरी बॉय भी शामिल हैं।

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें मंडी का नाबालिग छात्र, हरियाणा के सोनीपत निवासी जेम्स दहिया, फगवाड़ा निवासी गगनदीप उर्फ कोठा, स्वामी परम नगर निवासी जसमीत कुमार और जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले का रहने वाला साहिल शामिल हैं।

लूट के इरादे से पहुंचे थे दो पिज्जा डिलीवरी बॉय?

पुलिस जांच के अनुसार गगनदीप और जसमीत दोनों पिज्जा डिलीवरी बॉय हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों को LPU में हिंसा की जानकारी मिली थी, जिसके बाद वे कथित तौर पर लूट के इरादे से वहां पहुंचे।

CCTV फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान की गई और गुरुवार, 1 अक्टूबर को उन्हें गिरफ्तार किया गया। बताया गया है कि गगनदीप करीब डेढ़ महीने पहले ही डोमिनोज में काम पर लगा था।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जेम्स दहिया भी गिरफ्तार

LPU हिंसा मामले में पुलिस ने जेम्स दहिया को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उस पर यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ करने और सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों को भड़काने के आरोप हैं।

जानकारी के मुताबिक जेम्स LPU में छात्र है और कैंपस में ‘टेस्ट ऑफ पंजाब’ नाम से रेस्टोरेंट भी चलाता था। सोशल मीडिया पर उसके 4,500 से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। वह कैंपस से जुड़ी वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। जेम्स मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है और फगवाड़ा के ग्रीन वैली इलाके में PG में रहता था।

पुलिस की जांच जारी

LPU हिंसा मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है। पुलिस ने कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की है। अधिकारियों के अनुसार CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।