ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 16 September 2026

Punjab News: पंजाब में हथियारबंद बदमाशों का आतंक, दो कार सवारों को बनाया निशाना; राहगीर को मारी टक्कर

Punjab News: पंजाब में हथियारबंद बदमाशों का आतंक, दो कार सवारों को बनाया निशाना; राहगीर को मारी टक्कर

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना (Ludhiana) में सुबह हथियारबंद बदमाशों ने लगातार दो कारों को लूटने की कोशिश की। दोनों वारदातों में बदमाशों ने कार सवारों पर पिस्टल तानकर गाड़ी छीनने का प्रयास किया, लेकिन दोनों कारें स्टार्ट नहीं हो सकीं। इस वजह से बदमाश अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाए और मौके से फरार हो गए।

भागते समय बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को भी टक्कर मार दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

मेडिकल स्टोर संचालक को बनाया निशाना

जानकारी के मुताबिक, पहली वारदात सुबह करीब 7:30 बजे हुई। मेडिकल स्टोर संचालक निशु बैडमिंटन खेलने के लिए किट लेकर कार में सवार होकर रख बाग जाने की तैयारी कर रहे थे।

इसी दौरान दो युवक पैदल उनके पास पहुंचे। उन्होंने कार का शीशा खटखटाकर नीचे करने को कहा। जैसे ही शीशा नीचे हुआ, बदमाशों ने निशु पर पिस्टल तान दी। अचानक पिस्टल देखकर निशु घबरा गए।

निशु ने निकाली चाबी, बदमाशों की कार नहीं हुई स्टार्ट

उन्होंने बदमाशों से कहा कि अगर उन्हें मोबाइल फोन चाहिए तो वह ले लें, लेकिन उन्हें छोड़ दें। हालांकि, बदमाशों ने फोन लेने के बजाय उनकी कार छीनने की मांग की। स्थिति को समझते हुए निशु ने सूझबूझ दिखाई और कार की चाबी निकालकर अपने पास रख ली।

बदमाश कार में बैठ गए और उसे चलाने की कोशिश की, लेकिन चाबी नहीं होने के कारण कार कुछ दूर जाकर बंद हो गई। जब बदमाशों को चाबी नहीं मिली तो वे घबरा गए और कार को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए।

दूसरी कार लूटने की कोशिश

पहली वारदात में नाकाम होने के बाद दोनों बदमाशों ने दूसरी कार को निशाना बनाया। इस बार उन्होंने मुनीश मल्होत्रा को रोककर पिस्टल दिखाई।

मुनीश उस समय अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। बदमाशों ने उनकी कार छीनने की कोशिश की। लेकिन किसी कारणवश उनकी कार भी स्टार्ट नहीं हो सकी। इसके बाद घटनास्थल पर शोर मच गया।

कार ड्राइवर की मां ने मचाया शोर

बताया जा रहा है कि इसी दौरान कार ड्राइवर की मां मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने बदमाशों को देखकर चीख-पुकार शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुटने लगे। लोगों की भीड़ अपनी तरफ आती देखकर दोनों बदमाश घबरा गए और वहां से भागने लगे।

मौके से भागते समय बदमाशों ने एक मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति अशोक मल्होत्रा, जिन्हें डेयरी वाला बताया जा रहा है, को टक्कर मार दी। इस घटना में उनके घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि उनकी चोटों की स्थिति को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों वारदातों के बाद पुलिस को सूचना दी गई। SHO-5 ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पुलिस घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को जुटा रही है।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों वारदातों में शामिल युवक वही थे या अलग-अलग घटनाएं थीं।

सुबह-सुबह पिस्टल तानने से इलाके में दहशत

लुधियाना में एक ही सुबह दो कारों को पिस्टल के बल पर लूटने की कोशिश से लोगों में दहशत है। बदमाशों ने पहले मेडिकल स्टोर संचालक और फिर बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे व्यक्ति को निशाना बनाया।

दोनों मामलों में कार स्टार्ट न होने के कारण बदमाश लूट में सफल नहीं हो सके। अब पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।