ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 02 October 2026

Punjab News: पंजाब में महिला से दिनदहाड़े स्नैचिंग, रोकने आए युवक पर दातर से वार

Punjab News: पंजाब में महिला से दिनदहाड़े स्नैचिंग, रोकने आए युवक पर दातर से वार

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना (Ludhiana) में सुबह जिम पहुंची एक महिला के साथ चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। सराभा नगर रोड स्थित गुरु नानक पब्लिक स्कूल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। इस दौरान महिला की गर्दन पर चोट भी आई।

वारदात के बाद महिला ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया। भागते समय महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। वहीं, बदमाशों को पकड़ने के लिए पीछे दौड़े एक युवक पर आरोपियों ने दातर से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ पर गंभीर चोट आई।

जिम की पार्किंग में एक्टिवा खड़ी कर रही थी महिला

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सराभा नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पीड़ित महिला की पहचान अमनप्रीत कौर (42) निवासी किचलू नगर के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

महिला के मुताबिक, वह शुक्रवार सुबह करीब 8:10 बजे घर से जिम के लिए निकली थीं और लगभग 8:15 बजे जिम पहुंचीं।अमनप्रीत कौर अपनी एक्टिवा पार्किंग में खड़ी कर रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों में से एक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों आरोपी बाइक पर फरार होने लगे।

पीछा करते समय सड़क पर गिरी महिला

चेन झपटने के बाद महिला ने शोर मचाया और बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद कुछ सफाई कर्मचारियों ने भी आरोपियों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें धक्का दिया और वहां से निकल गए।भागते समय बदमाशों के पास से दो जिंदा कारतूस भी नीचे गिर गए, जिन्हें बाद में पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

बदमाशों का पीछा करते हुए अमनप्रीत कौर सड़क पर गिर गईं। महिला के मुताबिक, चेन खींचे जाने के दौरान उनकी गर्दन पर भी चोट आई है। उन्होंने बताया कि बदमाश सोने की चेन का करीब आधा हिस्सा लेकर फरार हो गए, जबकि चेन का बाकी हिस्सा उनके पास ही रह गया। घटना के दौरान वह बाइक का नंबर नोट नहीं कर सकीं।

मौके से मिले दो जिंदा कारतूस

महिला की चीख-पुकार सुनकर जिम के पास एक कैफे के बाहर बैठे गुरदीप सिंह भी बदमाशों को पकड़ने के लिए उनके पीछे दौड़े। आरोप है कि बदमाशों ने गुरदीप सिंह के हाथ पर दातर से वार कर दिया। हमले में उनके हाथ पर गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा।

आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बदमाशों के भागने के दौरान गिरे दो जिंदा कारतूस घटनास्थल से बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों कारतूस कब्जे में ले लिए हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये कारतूस आरोपियों के पास कहां से आए और क्या बदमाशों के पास कोई हथियार भी था। इस संबंध में जांच जारी है।

महिला ने पुलिस पर देरी का लगाया आरोप

पीड़ित अमनप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बाद करीब एक घंटे तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। उनके मुताबिक, करीब एक घंटे बाद PCR टीम वहां पहुंची।

हालांकि, मौके पर पहुंचे ASI परमानंद ने इस आरोप से इनकार किया। उन्होंने कहा कि 112 कंट्रोल रूम पर कॉल मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

ASI परमानंद के अनुसार, महिला के बयान के मुताबिक सोने की चेन का आधा हिस्सा बदमाश ले गए हैं, जबकि आधा हिस्सा महिला के पास है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है।

फुटेज के आधार पर बाइक सवार दोनों आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।