ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 01 June 2026

Punjab News: फैक्ट्री में गैस लीक से मचा हड़कंप, बाप-बेटे की मौत और कई गंभीर घायल

Punjab News: फैक्ट्री में गैस लीक से मचा हड़कंप, बाप-बेटे की मौत और कई गंभीर घायल
डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब (Punjab) में एक फैक्ट्री से गैस लीक की खबर सामने आ रही है। खबर है कि लुधियाना में पाना-चाबी बनाने वाली एक फैक्ट्री से अचानक जहरीली गैस लीक होने से हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी मुताबिक पंजाब (Punjab) के जिला लुधियाना (Ludhiana) में पाना-चाबी बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक जहरीली गैस लीक होने लगी। हादसे में दम घुटने से बाप-बेटे की मौत हो गई, जबकि फैक्ट्री में काम कर रहे कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से प्रभावित हो गए।

कई की हालत गंभीर

बताया जा रहा है कि कुछ मजदूर बेहोश हो गए और कई की हालत गंभीर बनी हुई है। लोगों के मुताबिक फैक्ट्री में रोजाना की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक गैस पाइपलाइन या सिलेंडर से रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में जहरीली गैस फैक्ट्री के अंदर फैल गई।

बाहर निकलने का नहीं मिला मौका

गैस का असर इतना तेज था कि वहां मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। दम घुटने और आंखों में तेज जलन के कारण कई मजदूर फैक्ट्री के अंदर ही जमीन पर गिर पड़े। हादसे की सूचना मिलते ही फैक्ट्री परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और फैक्ट्री प्रबंधन ने प्रभावित मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं मृतकों की पहचान माना और उसके बेटे अमित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मशीनों के नीचे निकलने वाली मिट्टी को ट्रॉली में भरने के लिए गए थे। इसी दौरान वे जहरीली गैस की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मामले की जांच शुरू

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव को हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और गैस रिसाव के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, घायल मजदूरों का अस्पताल में इलाज जारी है।