Saturday, 15 August 2026
पंजाब
Punjab News: मोबाइल रिपेयरिंग सीखने आया युवक बना चोर, गैंग संग उड़ाए 10 लाख के फोन
डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के जिला लुधियाना में मोबाइल रिपेयरिंग सीखने के बहाने एक दुकान पर पहुंचे युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाखों रुपए का सामान चोरी कर लिया।
आरोपी ने करीब डेढ़ महीने के दौरान 25 से 30 मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और महंगी एक्सेसरीज पर हाथ साफ किया। मामले का खुलासा दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज से हुआ।
कैमरों की थी पूरी जानकारी
मामला राधा स्वामी रोड स्थित मनजीत टेलीकॉम का है। दुकान मालिक मनविंदर सिंह के मुताबिक, आरोपी करीब डेढ़ महीने पहले मोबाइल रिपेयरिंग का काम सीखने के लिए दुकान पर आया था। उसे दुकान में लगे 10 CCTV कैमरों की पूरी जानकारी थी।
इसके बावजूद वह बड़ी चालाकी से चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा। CCTV फुटेज में आरोपी दुकान की टेबल पर बैठकर मोबाइल रिपेयरिंग करने का दिखावा करता नजर आया। मौका मिलते ही वह मोबाइल फोन अपनी जेब में रख लेता था। इसके बाद दुकान से बाहर निकलकर गली में खड़े अपने साथियों को चोरी के मोबाइल सौंप देता था।
8 से 10 युवकों का गैंग शामिल
दुकानदार के अनुसार, सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने करीब 14-15 मोबाइल फोन चोरी करने की बात कबूल की है। साथ ही उसने यह भी बताया कि इस पूरे खेल में वह अकेला नहीं था, बल्कि 8 से 10 युवकों का गैंग शामिल है।
गैंग में स्कूली और कॉलेज के छात्र भी शामिल
दुकान मालिक का दावा है कि गैंग में कुछ 11वीं कक्षा के छात्र, जबकि कुछ कॉलेज में पढ़ने वाले युवक शामिल हैं। ये युवक सरपंच कॉलोनी, 33 फुटा रोड और राम नगर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
आरोप है कि गैंग सिर्फ दुकान के नए और पुराने मोबाइल ही नहीं चुराता था, बल्कि रिपेयरिंग के लिए ग्राहकों द्वारा दिए गए फोन भी चोरी कर आगे बेच देता था।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। पुलिस आरोपों की जांच करने के साथ-साथ चोरी के सामान और इसमें शामिल अन्य युवकों की भूमिका को भी वेरिफाई कर रही है।
दुकानदार मनविंदर सिंह ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और चोरी के चलते हुए करीब 8 से 10 लाख रुपए के नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की है।