ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 07 August 2026

Punjab News: पंजाब में कथित नशे की सप्लाई का वीडियो वायरल, युवती ने कपड़ों से निकाली पुड़िया, पुलिस ने शुरू की जांच

Punjab News: पंजाब में कथित नशे की सप्लाई का वीडियो वायरल, युवती ने कपड़ों से निकाली पुड़िया, पुलिस ने शुरू की जांच

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब में खुलेआम नशे का कारोबार करती युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब के लुधियाना (Ludhiana) में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद कथित नशा तस्करी को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है। वीडियो में लाल टी-शर्ट पहने एक युवती कथित रूप से अपने कपड़ों में छिपाई गई नशे की पुड़िया एक युवक को सौंपती हुई दिखाई दे रही है।

दो युवतियां भी मौके पर मौजूद

वहीं वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वायरल वीडियो ताजपुर रोड इलाके का बताया जा रहा है। इसमें तीन युवतियां एक जगह पर खड़ी नजर आती हैं। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि इनमें से एक युवती युवक के पास जाकर अपने कपड़ों से एक पुड़िया निकालती है और उसे सौंप देती है। इस दौरान बाकी दो युवतियां भी मौके पर मौजूद दिखाई देती हैं।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। डीएसपी रमनदीप ने बताया कि वीडियो करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है और इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर साझा किया गया था। वायरल होने के बाद साइबर टीम ने इसकी जांच शुरू की है।

युवक की पहचान करने का प्रयास

पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रही युवतियों और युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शुरुआती आशंका है कि वीडियो में दिखाई गई पुड़िया में चिट्टा (हेरोइन) हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।