Saturday, 19 September 2026
देश
Maa Baglamukhi Temple: माता बगलामुखी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु की कार नाले में गिरी, 8 लोगों की मौत
डेली संवाद, मध्य प्रदेश। Maa Baglamukhi Temple: मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में दर्दनाक हादसा सामने आया है। मां बगलामुखी मंदिर के पास बरसाती नाले में एक कार बह जाने से 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे भी शामिल हैं। हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। सभी श्रद्धालु मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने के लिए आए थे।
पुलिस के अनुसार, कार में सवार 8 लोगों में से 7 मृतक ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि कार ड्राइवर अरुण गोयल आगर-मालवा के बड़ौद का निवासी था। श्रद्धालुओं ने उज्जैन से कार किराए पर ली थी।
CCTV फुटेज खंगाल रही है पुलिस
आगर-मालवा के एसपी दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि शुरुआती जांच में मौत का कारण डूबना सामने आया है। पुलिस मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ड्राइवर की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
3.7 इंच बारिश के बाद बढ़ा नाले का पानी
नलखेड़ा में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 3.7 इंच बारिश दर्ज की गई। रात में हुई तेज बारिश के बाद बरसाती नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। पानी के तेज बहाव में कार बहकर पुलिया से करीब 100 मीटर दूर चली गई।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
सुबह पानी कम होने के बाद कार की छत दिखाई दी। स्थानीय व्यक्ति की सूचना पर पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद अंबेडकर चौराहे पर चक्काजाम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने अंबेडकर चौराहे पर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय स्तर पर नगर बंद की तैयारी की भी बात सामने आई है।
स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। कलेक्टर, एसपी दिलीप कुमार सोनी और एएसपी रवींद्र कुमार बोयट समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।